रामनगर में सड़कों पर घूम रहे सांभर (हिरण) का वन विभाग ने किया सुरक्षित रेस्क्यू।
रामनगर (नैनीताल)-06 दिसम्बर 2025
लंबे समय से रामनगर कोसी बैराज के पास लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना सांभर हिरण आखिरकार आज वन विभाग द्वारा सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है। लगातार पर्यटक और राहगीर उसके साथ सड़कों पर सेल्फी ले रहे थे, वहीं कई लोग उसे बिस्कुट जैसे अनुपयुक्त खाद्य पदार्थ भी खिला रहे थे, जिससे उसकी जान को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया था। इस सांभर हिरण की वजह से रामनगर–हल्द्वानी मार्ग पर कई बार जाम की स्थिति भी बन रही थी।
रामनगर वन प्रभाग के रेंज अधिकारी शेखर तिवारी ने बताया कि वन्यजीव और आम जनता की सुरक्षा को देखते हुए उच्चधिकारीयों के निर्देश पर रामनगर वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोसी बैराज से सांभर को सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया। रेस्क्यू के बाद इस सांभर हिरण को कॉर्बेट टाइगर रिजर्व क्षेत्र में स्थित रेस्क्यू सेंटर भेजा गया, जहां अब उसकी पूरी देखरेख विशेषज्ञों द्वारा की जाएगी,खास बात यह है कि यह रेस्क्यू सेंटर में लाया गया पहला सांभर हिरण है, जो वन्यजीव संरक्षण के लिहाज से एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है।
केंद्रीय चिड़ियाघर प्राधिकरण (Central Zoo Authority) ने 23 मार्च 2025 को इस रेस्क्यू सेंटर की क्षमता बढ़ाने की स्वीकृति दी थी,इसके तहत अब यहां 32 बाघ, 48 गुलदार, 5 हाथी, विभिन्न प्रजातियों के हिरणों तथा कुमाऊं क्षेत्र में पहली बार घायल पक्षियों के इलाज की भी अनुमति मिल चुकी है। यह निर्णय वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता के संवर्धन की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है, इससे कॉर्बेट लैंडस्केप और आसपास के वन क्षेत्रों में घायल, बीमार या भटके हुए वन्यजीवों को समय पर इलाज और सुरक्षित संरक्षण मिल सकेगा। वन विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि वन्यजीवों को भोजन न कराएं, उनके साथ सेल्फी लेने से बचें और किसी भी वन्यजीव को आबादी में दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचना दें। छोटी सी लापरवाही एक बेजुबान की जान पर भारी पड़ सकती है।
