आवारा सांडों का कहर जारी,आवारा सांडों की लड़ाई में तीन छात्राएं गंभीर रूप से घायल।
ऋषिकेश-24 मार्च 2026
तीर्थनगरी और आसपास के इलाके में आवारा सांडों का कहर बढ़ता ही जा रहा है। जिसका खामियाजा लोग जख्मी होकर और जान देकर भुगतने को मजबूर हैं। ताजा मामला मंसा देवी रेलवे फाटक के पास से सामने आया है। जहां सड़क पर गुस्से में खड़े सांड ने ई ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सड़क पर पलट गया और उसमें बैठी स्कूल की तीन छात्राएं घायल हो गई। यह दृश्य देखकर आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और उन्होंने लाठी डंडो को फटकार कर किसी तरह गुस्सैल सांड को भगाया।
सूचना मिलते ही सीपीयू की टीम मौके पर पहुंची और किसी तरह ऑटो में बैठी घायल छात्राओं को बाहर निकाला। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को टेंपो में बैठाकर एम्स पहुंचाया। श्यामपुर चौकी प्रभारी सुमित चौधरी ने बताया कि घायल छात्राओं की पहचान सोना, काजल, नितिका के रूप में हुई है।सीपीयू में तैनात नीरज पंवार और दयाल सिंह की तत्परता से घायलों को शीघ्र एम्स पहुंचाया गया जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। घटनास्थल पर मौजूद एक व्यक्ति ने बताया कि सांड का हमला इतना जबरदस्त था कि यदि उसका सींग ऑटो में बैठी किसी भी छात्रा को लगता तो उसका परिणाम कितना गंभीर होता यह आसानी से समझा जा सकता है। लोगों ने जानलेवा साबित हो रहे आवारा सांडों को सड़कों से हटाने की मांग फिर से दोहराई है।
