गैरसैंण में बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे प्राइवेट हॉस्पिटल का स्वास्थय विभाग,पुलिस व प्रसाशन ने किया संयुक्त निरीक्षण।

गैरसैंण में बिना रजिस्ट्रेशन के चल रहे प्राइवेट हॉस्पिटल का स्वास्थय विभाग,पुलिस व प्रसाशन ने किया संयुक्त निरीक्षण।

मौके पर पाई गयी खामियों को लेकर सीएमओ को भेजी रिपोर्ट,बीना अनुमति के हास्पिटल चलाना नियम विरुद्ध-सीएमओ

तीन माह से आवेदन के बाद भी नहीं मिल रही अनापत्ति – हास्पिटल प्रबंधन

गैरसैंण- 01 अप्रैल 2026
रिपोर्ट-प्रेम संगेला।

पर्वतीय क्षेत्रों में जहां स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली किसी से छुपी नहीं है,वहीं दूसरी तरफ पहाड़ में कोई प्राइवेट अस्पताल खोलना चाहे तो समय पर जरूरी प्रमाण पत्र तक सरकारी विभाग निर्गत नहीं कर पा रहे हैं ,जिसका खामियाजा आखिरकर आमजन को ही भुगतना पड रहा है। ऐसा ही वाक्या ग्रीष्मकालीन राजधानी के गैरसैंण नगर में देखने को मिल रहा है ,जहां सरकारी अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर आए दिन आमजन आंदोलित रहता है ,वहीं दो माह पूर्व नगर के ग्वाड तल्ला में डिग्री कालेज मार्ग पर खुला एक प्राइवेट हॉस्पिटल स्वास्थ्य विभाग की जरूरी मंजूरी के बिना ही संचालित किया जा रहा है। मामले में एक तरफ सरकारी विभागों का ढीला-ढाला रवैया देखने को मिल रहा है,तो वहीं दूसरी तरफ बिना रजिस्ट्रेशन के अस्पताल का संचालित होना भी कई सवाल खडे कर रहा है । जो बिना रजिस्ट्रेशन के अस्पताल में ईलाज को पंहुच रहे मरीजों की सेहत के साथ भी खिलवाड है।

उल्लेखनीय है कि गैरसैंण नगर के ग्वाड तल्ला में राधा देवी वेलफेयर ट्रस्ट के अधीन स्वर्गीय राधा देवी लाइफ केयर हॉस्पिटल का संचालन फरवरी माह से किया जा रहा है, गजब तो यह है कि स्वास्थ्य विभाग में रजिस्ट्रेशन के बिना ही अस्पताल का संचालन फरवरी की शुरूआत से किया जा रहा है। वहीं स्वास्थ्य विभाग को मामले की पूरी जानकारी होने के बावजूद भी दो माह तक चुप्पी साधे रखना सवाल खडे करता है। इसको लेकर अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि तीन माह पूर्व फायर व पॉल्यूशन विभाग में अनापत्ति प्रमाण पत्र के लिए आवेदन किया गया था, लेकिन अभी तक दोनों विभागों द्वारा स्थलीय निरीक्षण नहीं किया गया है ,जिसके चलते रजिस्ट्रेशन की कार्रवाई पूर्ण नहीं हो पाई है। मामले में दो माह बाद जागे जिला स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों के बाद गैरसैंण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डा. अर्जुन रावत ,थाना अध्यक्ष गैरसैंण मनोज सिरौला व तहसीलदार गैरसैंण हरीश पांडे ने आज प्राइवेट अस्पताल का संयुक्त निरीक्षण किया।

जिसको लेकर चिकित्सा अधीक्षक डा. अर्जुन रावत ने बताया की निरीक्षण के दौरान बहुत सी खामियां पाई गयी हैं, जिसमें अस्पताल का रजिस्ट्रेशन नही होना सबसे प्रमुख है,वहीं एक्सरे रूम मानकों के अनुरूप न होने व प्रमाण पत्र रजिस्ट्रेशन भी नहीं पाया गया है। बायोमेडिकल वेस्ट के लिए पॉल्युशन व भवन के लिए अग्निशमन विभाग का अनापत्ति प्रमाण पत्र भी मौके पर नहीं पाया गया। वहीं, पैथोलोजी लैब में पेथोलॉजिस्ट मौके पर नही पाए गये। उन्होंने कहा की निरीक्षण आख्या बनाकर उच्च अधिकारियों को भेज दी गयी है,अग्रिम आदेशानुसार कार्यवाही अमल में लायी जाएगी।

वहीं संयुक्त निरीक्षण में गए थाना अध्यक्ष मनोज सिरौला ने बताया कि अस्पताल में काम करने वाले दिल्ली व अन्य जगहों के सभी कर्मचारीयों का वेरीफिकेशन किया जा रहा है,वहीं अस्पताल को चलाने वाले ट्रस्ट के आर्थिक संसाधनों की भी पड़ताल की जाएगी।

अस्पताल निरीक्षण में पाई गई विभिन्न कमियों को लेकर राधा देवी लाइफ केयर हॉस्पिटल अस्पताल के अधीक्षक डॉक्टर मुदित सिंह ने बताया कि तीन माह पूर्व अग्निशमन व पाल्यूशन विभाग को अनापत्ति के लिए आवेदन किया गया था,लेकिन अभी तक स्थलीय निरीक्षण न होने से जिला स्वास्थ्य विभाग से जरूरी रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो पाई है। जिसके चलते स्पेशलिस्ट डॉक्टर नहीं बुलाये जा सके हैं। फिलहाल पैथोलॉजी व एक्सरे ही संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के निरीक्षण में पाई गई अन्य आपत्तियों का भी जल्द निस्तारण किया जाएगा।

मामले को लेकर सीएमओ चमोली अभिषेक गुप्ता ने बताया की बिना अनुमति के हास्पिटल संचालन नियम विरुद्ध है,जिसमें आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!