केदारनाथ धाम के लिए हेली शटल सेवा की चयन प्रक्रिया हुई पूर्ण,निविदा प्रक्रिया के माध्यम से कुल 08 हेलीकॉप्टर ऑपरेटरों का चयन किया गया।
देहरादून-01 अप्रैल 2026
चार धाम यात्रा-2026 की तैयारियों के तहत श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित यात्रा सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकेडा) ने केदारनाथ धाम के लिए हेली शटल सेवा की चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली है।
पारदर्शी निविदा प्रक्रिया के माध्यम से कुल 08 हेलीकॉप्टर ऑपरेटरों का चयन किया गया है, जिन्हें विभिन्न हेलीपैड केंद्रों पर तैनात किया जाएगा।प्राधिकरण के अनुसार, गुप्तकाशी से दो, फाटा से चार और सिरसी से दो ऑपरेटरों को सेवा संचालन की जिम्मेदारी दी गई है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एकतरफा किराया भी निर्धारित किया गया है।
गुप्तकाशी से केदारनाथ के लिए प्रति यात्री 6,077 रुपये, फाटा से 4,840 रुपये तथा सिरसी से 3,043 रुपये किराया तय किया गया है। इन दरों पर वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) अतिरिक्त देय होगा।हेली सेवा के लिए टिकट बुकिंग भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) के अधिकृत हेली यात्रा पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन की जा सकेगी। बुकिंग के दौरान सुविधा शुल्क भी अलग से लिया जाएगा।
प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि यात्रा के दौरान सुरक्षा और संचालन के सभी मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को उच्च गुणवत्ता की सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।यह पहल चार धाम यात्रा को अधिक व्यवस्थित, समयबद्ध और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
heliyatra.irctc.co.in के माध्यम से टिकट की बुकिंग की जाएगी। हेलिकॉप्टर से केदारनाथ जाने का प्लान बना रहे तीर्थयात्रियों को फर्जी वेबसाइट से सतर्क रहने की आवश्यकता है।
