दर्दनाक हादसा: बारात से लौट रहा वाहन खाई में गिरा, मां-बेटे समेत 5 की मौत,पांच लोग गंभीर रूप से घायल।
चंपावत- 05 दिसम्बर 2025
उत्तराखण्ड के चम्पावत जिले से एक बेहद हृदयविदारक एवं दुखद खबर सामने आ रही है.जहां लोहाघाट–घाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। बताया गया है कि बारात से लौट रही बोलेरो बागधारा के पास अचानक गहरी खाई में गिर गई, जिसमें मां-बेटे सहित पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना रात करीब 2:30 बजे बागधारा के पास हुई। बताया जा रहा है कि, पिथौरागढ़ जिले के शेराघाट के किलोटा गांव से एक बारात चंपावत के बालातड़ी गांव आई थी। विदाई के बाद जब बराती वापस अपने गांव की ओर लौट रहे थे,तभी एक बोलेरो वाहन संख्या (UK 04 TB 2074), तीव्र मोड़ पर अचानक अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि वाहन चालक नशे में था,जिसके चलते वाहन अनियंत्रित हो गया और वाहन हादसे का शिकार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस, एसडीआरएफ और फायर यूनिट मौके पर पहुंची। ग्रामीणों ने भी रेस्क्यू में अहम सहयोग किया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी घायलों को खाई से निकालकर लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया। मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. विराज राठी और डॉ. अजीम के अनुसार, पांच घायलों को अस्पताल लाया गया, जिनमें से एक की हालत गंभीर होने पर उसे तत्काल जिला चिकित्सालय चंपावत रेफर कर दिया गया।
मृतकों के नाम⤵️
मृतकों में भावना चौबे और उसका बेटा प्रियांशु, प्रकाश चंद्र उनियाल (40), केवल चंद्र उनियाल (35), सुरेश नौटियाल (32), शामिल हैं। राजस्व उप निरीक्षक नीरज कुमार और थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने मृतकों की संख्या की पुष्टि करते हुए कहा कि मृतकों में एक महिला, एक बच्चा और तीन पुरुष शामिल हैं।
घायल व्यक्तियों के नाम⤵️
इन घायल लोगों का चल रहा है उपचार-घायलों की पहचान धीरज पुत्र प्रकाश चंद्र, निवासी रुद्रपुर, राजेश (14) पुत्र उमेश चंद्र जोशी, लाखतोली, चेतन चौबे (5) पुत्र सुरेश चौबे, दिल्ली, भास्कर पांडा, किलोटा (गंभीर, चंपावत रेफर), देवदत्त (38), वाहन चालक, सल्ला भाटकोट, शेराघाट के रूप में हुई है.सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। इस घटना से जहां बरात की सारी खुशियां मातम में तब्दील हो गई वहीं शुक्रवार सुबह मिली इस भयावह हादसे की खबर से समूचे क्षेत्र में भी शोक की लहर दौड़ गई।
इस ह्रदयविदारक घटना से स्तब्ध क्षेत्रवासियों के मुंह से यही बात निकल रही है कि जिस रात किलोटा और बालातड़ी गांव में बारात का उत्सव मनाया जा रहा था, उसी रात यह खुशी एक पल में गहरी पीड़ा में बदल गई। बारात से लौटते बराती कभी नहीं सोच सकते थे कि कुछ ही दूरी पर मौत उनका इंतजार कर रही है। कुल मिलाकर यही कहा जा सकता है कि वह बोलेरो, जो खुशी लेकर चली थी, अब टूटे हुए सपनों और बिखरे परिवारों की याद बन गई है।
