पिथौरागढ़ के बेरीनाग में दर्दनाक सड़क हादसा,गहरी खाई में गिरी कार, देवरानी-जेठानी की मौके पर मौत,चालक गंभीर रूप से घायल।
पिथौरागढ़- 14 जनवरी 2026
उत्तराखण्ड में दर्दनाक सड़क दुर्घटनाओं का तांडव लगातार बढ़ता ही जा रहा है। भयावह सड़क हादसे की ऐसी ही एक बेहद हृदयविदारक एवं दुखद खबर आज राज्य के पिथौरागढ़ जिले से सामने आ रही है जहां बेरीनाग तहसील क्षेत्र के चाकबोरा मोटर मार्ग पर एक कार के अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर जाने से दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया गया है कि मृतक दोनों महिलाएं सगी देवरानी जेठानी थी। इस दर्दनाक हादसे की खबर से जहां मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है वहीं समूचे क्षेत्र में भी मातम पसरा हुआ है।
अभी तक मिल रही जानकारी के मुताबिक यह दर्दनाक हादसा बेरीनाग तहसील से लगभग 25 किलोमीटर दूर चाकबोरा मोटर मार्ग पर उस समय घटित हुआ जब बुधवार दोपहर करीब तीन बजे ऑल्टो कार (संख्या UK TA 5128) अचानक संतुलन खो बैठी और करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। बताया गया है कि हादसे के वक्त वाहन में कुल तीन लोग सवार थे। जिनमें से दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे में जिन दो महिलाओं की जान गई,वे आपस में देवरानी-जेठानी थीं। मृतकों की पहचान हीरा देवी (44 वर्ष), पत्नी स्वर्गीय नरेंद्र सिंह और उमा देवी (45 वर्ष), पत्नी स्वर्गीय पूरन सिंह, दोनों निवासी ग्वाल क्षेत्र, पिथौरागढ़ के रूप में हुई है। दोनों महिलाएं को इस दुर्घटना में संभलने का मौका तक नहीं मिला। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही बेरीनाग कोतवाली पुलिस, हाईवे पेट्रोलिंग टीम और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा।
रेस्क्यू ऑपरेशन में बचाई गई चालक की जान⤵️
गहरी खाई और दुर्गम स्थल होने के बावजूद पुलिस टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद गंभीर रूप से घायल चालक गोकुल कुमार आगरी (28 वर्ष), पुत्र मदन राम, निवासी बोराआगर को खाई से निकालकर सड़क तक लाया गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेरीनाग पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। चालक के सिर और पैरों में गहरी चोटें आई हैं।
चालक का बयान: जानवर को बचाने में हुआ हादसा⤵️
घायल चालक ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि अचानक कार के सामने एक जानवर आ गया था। उसे बचाने के प्रयास में वाहन से नियंत्रण हट गया और कार खाई में जा गिरी। चालक के अनुसार, वह दोपहर करीब दो बजे राईआगर कस्बे से दोनों महिलाओं को अपनी कार में बैठाकर ले जा रहा था। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।
कार हादसे में मौत⤵️
हीरा देवी पत्नी स्व. नरेंद्र सिंह (उम्र 44 वर्ष), निवासी- ग्वाल राम मंदिर, पिथौरागढ़
उमा देवी पत्नी स्व. पूरन सिंह (उम्र 45 वर्ष), निवासी- ग्वाल, पिथौरागढ़।
कार हादसे में घायल⤵️
गोकुल कुमार आगरी पुत्र मदन राम (उम्र 28 वर्ष) निवासी- बोराआगर, पिथौरागढ़।
