नगर पंचायत के वाहन से लावारिस पशुओं को छोड़ा गया ग्रामीण क्षेत्र में, ग्रामीणों में आक्रोश,नगर पंचायत ने चार कर्मचारियों को भेजा नोटिस।
गैरसैंण-23 फरवरी 2026
रिपोर्ट-पुष्कर सिंह रावत।
विधानसभा क्षेत्र भराड़ीसैंण से लावारिस पशुओं को नगर पंचायत गैरसैंण के कूड़ा वाहन से खेती व मालसी गांव छोड़े जाने पर नगर पंचायत गैरसैंण को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना कि इस प्रकार का कृत्य किसी भी सूरत में बर्दास्त नहीं किया जाएगा।
वहीं इस पूरे मामले को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष गैरसैंण मोहन भंडारी ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है, विधानसभा सत्र के लिए ड्यूटी के लिए लगाई गई नगर पंचायत गैरसैंण के कूड़ा वाहन से विधानसभा परिसर की गायों को खेती व मालसी गांव के आसपास छोड़ा गया है। यह निंदनीय है इससे नगर पंचायत की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वो स्पष्ट करना चाहते हैं कि ना ही यह गाय नगर पंचायत क्षेत्र की हैं और ना ही नगर पंचायत की ओर से इन गायों को कहीं छोड़ने का आदेश दिया गया है। बताया कि वर्तमान में नगर पंचायत की गाड़ियां विधानसभा सत्र की ड्यूटी में भरारीसैंण लगी हुई हैं। इन गायों के किसके कहने पर इन गांवों में छोड़ा गया इसकी जांच की जा रही है। कहा कि जो भी इसके लिए दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।
वहीं दूसरी ओर इस पूरे मामले को लेकर नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी अरुण कुमार सैनी ने चार कर्मियों को कारण बताओं नोटिस जारी किया है। जिसमे नगर पंचायत के वाहन चालक हरी लाल,पर्यावरण मित्र गौतम कुमार,विक्की कुमार,अनिल कुमार के नाम शामिल हैं।
नगर पंचायत गैरसैंण के अधिशासी अधिकारी द्वारा दिये गए नोटिस के अनुसार⤵️
नोटिस में कहा गया है कि दिनांक 22 फरवरी 2026 को आप लोगों के द्वारा विधानसभा भवन परिसर से दो आवारा पशुओं को निकाय के कूड़ा वाहन संख्या (UK 11 CA 1093) से ग्राम खेती व ग्राम मालसी की स्थानीय जनता द्वारा उनके गाँव में छोड़ते हुये पकड़ा गया है,जिससे गांव की स्थानीय जनता आक्रोशित हुई, जिसका विडियो सोशल मीडिया पर भी वाइरल हो रहा है। जिससे नगर पंचायत गैरसैंण की छवि धूमिल हुई है,जो कि अत्यन्त खेदजनक है। अतः आप दो दिन के भीतर स्थिति स्पष्ट करते हुये इस नोटिस का जवाब दे अन्यथा आपके विरूद्ध कठोर अनुशासनात्मक कार्यवाही अमल में लायी जायेगी।
