उत्तराखंड में घना कोहरा,6 जिलों में अलर्ट,बर्फबारी के आसार।
उत्तराखंड-20 दिसम्बर 2025
उत्तराखंड में दिसंबर वाली ठंड का रोमांच शुरू हो गया है। कड़ाके की ठंड के बीच अब घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। आज भी प्रदेश के 6 जिलों में कहीं-कहीं घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। शुष्क मौसम के चलते मैदानी इलाकों में कोहरा अब जानलेवा साबित हो रहा है।
शुक्रवार को कम दृश्यता के कारण प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में हुए हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। कोहरे का असर सड़क यातायात के साथ-साथ हवाई और रेल सेवाओं पर भी साफ नजर आ रहा है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 22.2°C और न्यूनतम 7.3°C दर्ज किया गया। उधम सिंह नगर में अधिकतम 14.3°C और न्यूनतम 6.8°C रहा।नई टिहरी का अधिकतम तापमान 18.0°C और न्यूनतम 5.7°C रिकॉर्ड किया गया।
इन जिलों में घने कोहरे का खतरा⤵️
मौसम विज्ञान केंद्र ने बताया कि आज हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल, चंपावत, पौड़ी और देहरादून के मैदानी इलाकों में कहीं-कहीं घना कोहरा छा सकता है। इससे सुबह और रात के समय दृश्यता बेहद कम रह सकती है।
पहाड़ों में बारिश और बर्फबारी के आसार⤵️
देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ जगहों पर कुहासा भी देखने को मिल सकता है।वहीं उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है।3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के भी आसार जताए गए हैं। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि कोहरे के दौरान सावधानी बरतें, अनावश्यक यात्रा से बचें और वाहन चलाते समय विशेष सतर्कता रखें।
