लक्ष्मणझूला में उत्तरप्रदेश के युवा कर रहे थे हुड़दंग,पुलिस ने तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार।
लक्ष्मणझूला (ऋषिकेश)-01 फरवरी 2026
ऋषिकेश के पास थाना लक्ष्मणझूला क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश कर रहे तीन हुड़दंगियों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी शराब के नशे में आपस में झगड़ा कर रहे थे, जिससे इलाके में तनाव का माहौल बन गया था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 01 फरवरी 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुछ लोग हो-हल्ला करते हुए आपस में मारपीट कर रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए चीता मोबाइल टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया गया। पुलिस टीम के पहुंचने पर देखा गया कि तीन युवक नशे की हालत में एक-दूसरे से झगड़ रहे थे और पुलिस द्वारा समझाने के बावजूद उग्र व्यवहार करते रहे।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए तीनों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया और धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया.पुलिस के अनुसार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हिमांशु शर्मा (29 वर्ष) निवासी माजरा शामली, प्रफुल मलिक (32 वर्ष) निवासी क्वाना थाना आदर्श मंडी शामली और रजत जगलान (26 वर्ष) निवासी बंदीखेड़ा थाना बाबरी, जनपद शामली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने क्षेत्रवासियों से शांति बनाए रखने और कानून व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है।
