एंबुलेंस में मरीज नहीं,मिला 90 किलो गांजा,श्रीनगर पुलिस ने वाहन चालक को दबोचा।
श्रीनगर गढ़वाल:-23 अगस्त 2026
नशा तस्करों के खिलाफ पौड़ी पुलिस की सघन चेकिंग अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। श्रीनगर पुलिस ने एक ईको एंबुलेंस से 90 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद कर चालक को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एंबुलेंस को भी सीज कर दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर नशे के कारोबार और तस्करी की सप्लाई चेन के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्रीनगर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में रविवार तड़के पुलिस टीम आवास विकास ग्राउंड के समीप वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान वाहन संख्या (UK14-PA-0539) ईको एंबुलेंस को रोककर पुलिस ने तलाशी ली। तलाशी के दौरान एंबुलेंस में रखे नौ कट्टों से कुल 90 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से वाहन चालक रविन्द्र सिंह बिष्ट (45) पुत्र स्व. कृपाल सिंह, निवासी चौरास, थाना कीर्तिनगर, टिहरी गढ़वाल, हाल निवासी श्रीनगर को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह श्रीकोट में एंबुलेंस का संचालन करता है और एक अन्य सहयोगी के साथ रुद्रप्रयाग क्षेत्र से गांजा लेकर श्रीनगर आ रहा था। गांजा कम कीमत पर खरीदकर श्रीनगर में अधिक दाम पर बेचने की योजना थी। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त रहने की बात स्वीकार की है।पुलिस अब आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर गांजे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। ऐसे में इस कार्रवाई के बाद तस्करी की सप्लाई चेन से जुड़े अन्य लोगों पर भी शिकंजा कसने की उम्मीद है।
मामले में कोतवाली श्रीनगर में मु.अ.सं.53/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
बरामदगी:-90 किलोग्राम गांजा, अनुमानित कीमत करीब 45 लाख रुपये.ईको एंबुलेंस संख्या (UK14-PA-0539)
आरोपी का अपराधिक इतिहास:-आरोपी के खिलाफ वर्ष 2015 में धारा 60(ग) आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
