चमोली के रामणी गांव में छात्र-छात्रा के शव फंदे से लटके मिले, गांव में मची सनसनी।
नंदानगर (चमोली):- 08 सितंबर 2026
विकासखंड नंदानगर के रामणी गांव में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के पास स्थित मेला मैदान के मंच की रेलिंग से एक छात्र और छात्रा के शव फंदे से लटके मिले। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
बताया जा रहा है कि मृतकों में रामणी गांव निवासी कक्षा 12 का छात्र और कक्षा 11 में पढ़ने वाली एक छात्रा शामिल है। दोनों एक ही गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। सुबह ग्रामीणों को मेला मैदान के मंच पर दोनों के शव लटके होने की जानकारी मिली, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया।
घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। ग्राम प्रधान कुंवर लाल ने बताया कि मामले की सूचना नंदानगर पुलिस को दे दी गई है।पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद ही घटना की परिस्थितियों और कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
एसआई थाना नंदानगर मनोज भट्ट ने जानकारी देते हुए बताया कि, प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या व प्रेमप्रसंग का लग रहा है.बताया कि युवक की उम्र 17 वर्ष व युवती की उम्र लगभग 16 वर्ष है। दोनों रामणी गांव के रहने वाले हैं। एसआई मनोज भट्ट ने बताया कि,शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है,वहीं अग्रिम वैधानिक कार्यवाही जारी है।
बता दें कि विगत कुछ दिन पूर्व परिजनों से नाराज होकर एक छात्रा व उसके कुछ दिन बाद ही परिजनों से कहासुनी के बाद एक युवक द्वारा चमोली पुल से अलकनंदा नदी में छलांग लगा दी गई थी, जिनका अब तक कुछ भी पता नहीं चल पाया है.जिनकी तलाश में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
