सोशल मीडिया से हुई दोस्ती, पौड़ी से लापता नाबालिग नोएडा में बरामद।
पौड़ी गढ़वाल:-09 सितंबर 2026
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले से लापता हुई नाबालिग को पुलिस ने नोएडा से सुरक्षित बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में 25 वर्षीय युवक सुशील यादव को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, नाबालिग की आरोपी से पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी। इसके बाद वह उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था।
जानकारी के अनुसार, नाबालिग 1 सितंबर की सुबह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी,लेकिन शाम तक घर वापस नहीं पहुंची। परिजनों ने अपने स्तर से काफी तलाश की, लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो 2 सितंबर को राजस्व पुलिस चौकी पैडल्स्यू में शिकायत दर्ज कराई गई। प्रारंभिक मामला राजस्व क्षेत्र से जुड़ा था। बाद में प्रकरण नियमित पुलिस को जांच के लिए सौंप दिया गया। पुलिस ने नाबालिग की तलाश के लिए आसपास के इलाकों में जानकारी जुटाने के साथ ही घटनास्थल और संभावित रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
जांच के दौरान पुलिस को नाबालिग के सोशल मीडिया संपर्क के बारे में जानकारी मिली। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को पता चला कि उसकी पहचान उत्तर प्रदेश निवासी सुशील यादव से हुई थी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी नाबालिग को अपने साथ नोएडा ले गया था। इसके बाद पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से उसकी लोकेशन का पता लगाया। लगातार की गई कार्रवाई के बाद पुलिस ने नाबालिग को नोएडा से सुरक्षित बरामद कर लिया।
पुलिस ने मामले में आरोपी सुशील यादव को भी गिरफ्तार किया है। वह उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के मिस्रिक थाना क्षेत्र के देहलारा गांव का निवासी बताया गया है।पुलिस ने आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने नाबालिग को जल्द और सुरक्षित बरामद करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद कोतवाली पौड़ी पुलिस और सीआईयू टीम ने संयुक्त रूप से जांच आगे बढ़ाई। कार्रवाई में महिला उपनिरीक्षक हेमलता, एएसआई प्रदीप बिष्ट समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जांच और सर्विलांस के आधार पर मिले सुरागों को जोड़ते हुए नाबालिग तक पहुंच बनाई।
