एक साल से फरार 25 हजार का इनामी पॉक्सो आरोपी गिरफ्तार,नाबालिग युवती को किया बरामद।
हरिद्वार-19 दिसम्बर 2025
नाबालिग एवं महिला संबंधी अपराधों पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार की ज़ीरो टॉलरेंस नीति के तहत रूड़की की कोतवाली मंगलौर पुलिस के हाथ बड़ी सफलता लगी है।लगभग एक साल से पॉक्सो एक्ट एवं अपहरण के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है साथ ही अपहृत नाबालिग को भी सकुशल बरामद कर लिया गया है। रुड़की तहसील स्थित कार्यालय पर एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने पत्रकार वार्ता कर बताया कि मंगलौर निवासी एक व्यक्ति द्वारा कोतवाली मंगलौर में शिकायत दर्ज कराई गई थी कि मोहम्मद अब्बास नामक युवक उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध पॉक्सो अधिनियम एवं अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। नामजद आरोपी मोहम्मद अब्बास शातिर प्रवृत्ति का अपराधी था। पुलिस को गुमराह करने के उद्देश्य से उसने अपने परिजनों के माध्यम से यह अफवाह फैला दी कि वह नौकरी के सिलसिले में दुबई जा रहा है और देहरादून से फ्लाइट पकड़ चुका है। परिजन लगातार आरोपी के विदेश में होने की बात बताते रहे जिससे पुलिस जांच को भ्रमित करने का प्रयास किया गया हालांकि पुलिस ने हार नहीं मानी। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, तकनीकी साक्ष्यों एवं मैनुअल पुलिसिंग के माध्यम से आरोपी की गतिविधियों पर नजर बनाए रखी गई। गहन जांच के दौरान यह महत्वपूर्ण इनपुट मिला कि आरोपी विदेश नहीं बल्कि हैदराबाद में छिपकर रह रहा है।इसके बाद पुलिस टीम ने हैदराबाद में डेरा डालकर आरोपी पर लगातार निगरानी रखी। जैसे ही सूचना मिली कि आरोपी मंगलौर लौटने वाला है पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए बीती रोज आरोपी को धर दबोचा। इस दौरान अपहृत नाबालिग को भी सकुशल बरामद कर लिया गया। एसपी देहात ने बताया कि मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण पुलिस द्वारा इसे अत्यंत गंभीरता से लिया गया फिलहाल आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
