ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत पौड़ी पुलिस ने चरस के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार।
पौड़ी गढ़वाल-20 जनवरी 2025
उत्तराखंड सरकार द्वारा संचालित ड्रग्स फ्री देवभूमि अभियान के तहत पौड़ी पुलिस लगातार नशे के सौदागरों पर शिकंजा कस रही है। इसी क्रम में लक्ष्मणझूला पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक नशा तस्कर को भारी मात्रा में अवैध चरस के साथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पौड़ी एसएसपी सर्वेश पंवार के सख्त निर्देशों के अनुपालन में थानाध्यक्ष लक्ष्मणझूला भुवन चंद्र पुजारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने भीमगोडा टी-पॉइंट के पास संदिग्ध की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपी अमित कुमार के कब्जे से 172 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
पुलिस ने मौके पर ही अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध थाना लक्ष्मणझूला में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया।पूछताछ में अभियुक्त ने खुलासा किया कि वह हरिद्वार क्षेत्र की झाड़ियों से चरस एकत्र कर हरिद्वार व ऋषिकेश आने-जाने वाले यात्रियों और घाटों के आसपास घूमने वाले लोगों को छोटी-छोटी पुड़ियों में बेचता था। आरोपी की पहचान अमित कुमार पुत्र शेषपाल, निवासी ग्राम संधावली, थाना मंसूरपुर, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तरप्रदेश) के रूप मे हुई है।
