मसूरी माल रोड से पटरी हटाने की सख्त कार्रवाई शुरू,प्रशासन ने जब्त किया सामान।

मसूरी माल रोड से पटरी हटाने की सख्त कार्रवाई शुरू,प्रशासन ने जब्त किया सामान।

मसूरी (देहरादून)-21 दिसम्बर 2025

पर्यटन नगरी मसूरी की पहचान मानी जाने वाली माल रोड को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। माल रोड पर वर्षों से लग रही पटरी दुकानों को पूरी तरह हटाने के उद्देश्य से स्थानीय प्रशासन और नगर पालिका ने संयुक्त अभियान चलाया। इस दौरान पटरी व्यापारियों का सामान जब्त किया गया और उन्हें स्पष्ट चेतावनी दी गई कि अब माल रोड पर किसी भी स्थिति में पटरी लगाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीम के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई, जिसमें स्थानीय प्रशासन के साथ पुलिस बल भी तैनात रहा। अभियान के दौरान अधिकारियों ने पटरी व्यापारियों से संवाद करते हुए उन्हें प्रशासन के फैसले से अवगत कराया और नियमों का पालन करने की अपील की।
प्रशासन ने जानकारी दी कि पटरी व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए शहर में पांच वेंडर जोन चिन्हित किए गए हैं। इन वेंडर जोनों में चयनित पटरी व्यापारियों को विधिवत स्थान आवंटित कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अब सभी चयनित व्यापारी केवल इन्हीं वेंडर जोनों में अपनी दुकानें लगाएंगे और माल रोड पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अधिशासी अधिकारी गौरव भसीम ने कहा कि माल रोड मसूरी की सबसे प्रमुख और व्यस्त सड़क है, जहां पर्यटकों की भारी आवाजाही रहती है। अतिक्रमण के कारण न केवल यातायात प्रभावित हो रहा था, बल्कि शहर की सुंदरता और व्यवस्था पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा था। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी यदि कोई पटरी व्यापारी नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।इसी के साथ माल रोड पर अव्यवस्थित रूप से खड़ी गाड़ियों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने सड़क किनारे खड़े वाहनों पर चालान काटे और कुछ वाहनों को हटवाया। प्रशासन का कहना है कि माल रोड को जाम मुक्त और सुरक्षित बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। उनका कहना है कि इससे माल रोड पर पैदल चलने वालों को सुविधा मिलेगी और मसूरी की खूबसूरती भी बरकरार रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दे दिए हैं कि अब मसूरी में अतिक्रमण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!