पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना में बड़ा हादसा,टनल के अंदर ट्रेन टकराई,कई मजदूर घायल।
चमोली- 30 दिसंबर 2025
जनपद चमोली के पीपलकोटी स्थित निर्माणाधीन टीएचडीसी जल विद्युत परियोजना की टीवीएम साइट पर मंगलवार शिफ्ट चेंज के समय एक हादसा हुआ.आरंभिक जानकारी के अनुसार टनल के भीतर मजदूरों को लाने-ले जाने वाली दो लोको ट्रेनों की आपस में टक्कर हो गई, जिससे काफ़ी संख्या में मजदूर घायल हो गए।
चमोली ज़िले के पीपलकोटी स्थित मायापुर हाट गांव में निर्माणाधीन टीएचडीसी जल विद्युत परियोजना की टीवीएम साइट पर एक बड़ा हादसा हो गया। टनल के भीतर मजदूरों को लाने-ले जाने वाली दो लोको ट्रेनों की आपस में टक्कर हो गई,जिससे कई मजदूर घायल हो गए।जिनका ज़िला अस्पताल गोपेश्वर में उपचार चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी गौरव कुमार एवं पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे और वहां भर्ती घायलों का हालचाल जाना तथा चिकित्सकों को बेहतर उपचार के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्राप्त जानकारी के अनुसार लगभग 100 लोगों में से लगभग 60 घायल होने की सूचना है। जिसमें 42 घायल मजदूरों का उपचार जिला अस्पताल गोपेश्वर में तथा 17 घायल मजदूरों का उपचार विवेकानंद अस्पताल पीपलकोटी में किया जा रहा है अन्य की स्थिति सामान्य है। सभी घायलों की स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।जिनका उपचार ज़िला अस्पताल गोपेश्वर में चल रहा है।राहत बचाव कार्य जारी है।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परियोजना प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन की मदद से घायल मजदूरों को एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल गोपेश्वर लाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गया और टनल के अंदर फंसे मजदूरों को बाहर निकालने का कार्य शुरू किया गया। स्थिति पर प्रशासन लगातार नजर बनाए हुए है।हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और परियोजना प्रबंधन से भी रिपोर्ट तलब की गई है।
