इयरफोन बना मौत की वजह,रेलवे ट्रैक पर बैठे युवक को ट्रेन ने कुचला,मौके पर मौत।

इयरफोन बना मौत की वजह,रेलवे ट्रैक पर बैठे युवक को ट्रेन ने कुचला,मौके पर मौत।

हल्द्वानी (नैनीताल)-27 जनवरी 2026

मोबाइल में इयरफोन लगाकर लापरवाही बरतना कई बार जानलेवा साबित हो रहा है। ऐसा ही एक हृदयविदारक मामला हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र से सामने आया है, जहां रेलवे ट्रैक पर इयरफोन लगाकर बैठे एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, हाथीखाल निवासी 25 वर्षीय विकास बाइक लेकर घर से निकला था। वह तीन पानी फ्लाईओवर के पास सड़क किनारे बाइक खड़ी कर रेलवे ट्रैक पर जाकर बैठ गया और कानों में इयरफोन लगाकर गाने सुनने लगा, इसी दौरान रात करीब 9 बजे हल्द्वानी से दिल्ली जा रही तेज रफ्तार ट्रेन वहां से गुजरी। इयरफोन लगे होने के कारण युवक को ट्रेन की आवाज सुनाई नहीं दी और वह उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना भयावह था कि युवक का सिर धड़ से अलग हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि विकास सात भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर था।

परिजनों के अनुसार, विकास का करीब ढाई महीने पहले बाइक से एक्सीडेंट हुआ था,हालांकि वह अब सामान्य रूप से चलने-फिरने लगा था। हल्द्वानी कोतवाली प्रभारी विजय मेहता ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि रेलवे ट्रैक जैसे खतरनाक स्थानों पर लापरवाही और इयरफोन का उपयोग जानलेवा साबित हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!