गैरसैंण विकासखंड में पहली त्रैमासिक बैठक का आयोजन,जल जीवन मिशन के कार्यों को लेकर जनप्रतिनिधियों ने किया हंगामा।
गैरसैंण को जिला बनाये जाने के प्रस्ताव को ध्वनि मत से किया गया पारित।
गैरसैंण-31 जनवरी 2026
रिपोर्ट-पुष्कर सिंह रावत.
विकासखंड गैरसैंण की नवगठित पंचायत की पहली त्रैमासिक बैठक का आयोजन उत्साह जनक रहा. पहली बैठक को लेकर जहां नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला, वहीं अधिकारियों की और जनप्रतिनिधियों की भी अच्छी उपस्थिति रही. ब्लॉक प्रमुख दुर्गा रावत की अध्यक्षता व खण्ड विकास अधिकारी पवन कंडारी के संचालन में आयोजित बैठक में जिला विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी के रहने से भी जनप्रतिनिधि जहां अपने क्षेत्र की समस्याओं को जोर-शोर से उठाया वहीं, अधिकारियों ने भी गंभीरता पूर्वक समस्याओं के हल करने को लेकर आश्वासन दिया। जनप्रतिनिधियों द्वारा कुछ अधिकारियों के गांवों का भ्रमण न करने व दूरभाष पर बात न करने की शिकायत को लेकर जिला विकास अधिकारी ने कहा कि विकास के प्रति लापरवाह अधिकारियों को जिले से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा वहीं उन्होंने कहा कि गांव में जाकर जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों को भरोसे में लेकर बराबर संवाद करना बेहद जरूरी है। जिससे विकासीय कार्य पूर्ण किए जाने के साथ ही अधिक से अधिक लाभ देने वाली बन सके।
ज्येष्ठ प्रमुख ने रखा गैरसैंण को जिला बनाये जाने का प्रस्ताव⤵️
बैठक की शुरुआत में ज्येष्ठ प्रमुख लीलाधर जोशी ने गैरसैंण को जिला बनाये जाने का प्रस्ताव रखा जिसे सभी सदस्यों ने ध्वनि मत से पारित किया। लीलाधर जोशी ने कहा कि गैरसैंण ग्रीष्मकालीन राजधानी है, और राजधानी होने के चलते यहां प्रसाशनिक इकाई की सख्त आवश्यक्ता है। और जनता की भी मांग है कि प्रसाशनिक इकाई के रूप में गैरसैंण को अलग जिला बनाया जाय। कहा कि वो लगभग 25 वर्षों से इस सदन के सदस्य है और बार बार उनके द्वारा जिले के प्रस्ताव को सरकार को भेजा गया है, उन्होंने उम्मीद जताई है कि सरकार इसको गंभीरता से लेगी और गैरसैंण को जिले के रूप में घोषित करेगी। वहीं लीलाधर जोशी ने रंगचौड़ा,सिलंगा कुनीगाड़ क्षेत्र के लिए पम्पिंग पेयजल योजना बनाने की मांग उठाई।
जनप्रतिनिधियों ने जल जीवन मिशन के कार्यों को लेकर घेरा जलसंस्थान के अधिकारियों को⤵️
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने जल जीवन मिशन के अधूरे कार्यों और विभागीय लापरवाही को लेकर गहरी नाराजगी जताई.पूर्व प्रमुख सुमति बिष्ट ने हर घर जल हर घर नल में हो रही अनियमितताओं को लेकर गंभीर सवाल उठाए।
क्षेत्र पंचायत सदस्य वीरेंद्र आर्य ने जल संस्थान के कार्यों पर गंभीर सवाल उठाए उन्होंने विभाग पर तंज कसते हुए कहा कि जल संस्थान ने पहले बचा पैदा कर दिया है और अब मां ढूंढ रही है।आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि जल संस्थान सबसे घटिया विभाग है,इसके हर घर नल हर घर जल योजना में किये गए सभी कार्यों की जांच होनी चाहिए।
इस दौरान रेवती बिष्ट,अरबिंद नेगी, सहित तमाम जनप्रतिनिधियों ने जल जीवन मिशन के कार्यों की जांच की मांग उठाई,जनप्रतिनिधियों ने जल जीवन मिशन के कार्यों में घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
बैठक में छाए रहे स्वास्थ्य,पानी,नेटवर्क सहित तमाम मुद्दे⤵️
सुरेंद्र नेगी ग्राम प्रधान स्यूणी ने अपनी क्षेत्र में हो रही नेटवर्क की समस्या को उठाया, उन्होंने नेटवर्क सुचारू करने की मांग उठाई। मुनि देवी प्रधान झुमाखेत ने अपने क्षेत्र की समस्याओं को लेकर बात रखी उन्होने पेयजल को लेकर हाइड्रम योजना झुमाखेत में बनाने सहित एएनएम सेंटर की मांग उठाई। वीरेंद्र नेगी क्षेत्र पंचायत सदस्य सिलंगा ने अपने क्षेत्र में हो रही पानी की समस्या को उठाया। इस दौरान शिक्षा,स्वास्थ्य,सड़क,पानी सहित तमाम मुद्दे बैठक में छाए रहे। बैठक में मौजूद तमाम विभागों के अधिकारियों ने समय पर सभी कार्यों को जनप्रतिनिधियों को पूर्ण करने का आश्वासन दिया।
सीडीओ चमोली अभिषेक त्रिपाठी ने कहा कि ये पहली बैठक है और आगामी बैठक में हर विभाग अपना प्रस्तुतिकरण देगा, जो पहली बैठक में समस्यायें रखी गई उनका क्या समाधान किया गया इसकी जानकारी से सदस्यों को अवगत कराएगा। कहा कि इसके अलावा विभाग किन-किन योजनाओ पर कार्य कर रहा है उससे भी सदस्यों को अवगत कराएगा।
इस दौरान ब्लॉक प्रमुख दुर्गा देवी,ज्येष्ठ प्रमुख लीलाधर जोशी,कनिष्ठ प्रमुख हरदेव सिंह,जिला पंचायत सदस्य अनिता रावत,जिला पंचायत सदस्य कामेश्वरी देवी,जिला पंचायत सदस्य जगदीश घण्ड्याली,सीडीओ चमोली अभिषेक त्रिपाठी, बीडीओ पवन कंडारी,डीपीआरओ रमेश चंद्र त्रिपाठी, डिप्टी सीएमओ डा. बैष्णव, ग्राम प्रधान रंगचोड़ा मनोज नेगी, प्रधान अमरदीप सिंह, प्रधान करन नेगी, प्रधान बसंती फर्सवाण,सहित स्वास्थ्य विभाग, जल संस्थान, बाल विकास लोकनिर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, विद्युत विभाग व क्षेत्र पंचायत सदस्य व ग्राम प्रधान मौजूद रहे।
