2 से 5 फरवरी के बीच गुमखाल और सतपुली के बीच हाईवे चार दिनों के लिए रात में रहेगा बंद।

2 से 5 फरवरी के बीच गुमखाल और सतपुली के बीच हाईवे चार दिनों के लिए रात में रहेगा बंद।

पौड़ी-31 जनवरी 2026

उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में गुमखाल और सतपुली के बीच 2 फरवरी से 5 फरवरी तक नेशनल हाईवे रात के समय बंद रहेगा। सतपुली मल्ली के समीप भू-धंसाव के कारण पहाड़ी पर भारी और खतरनाक बोल्डर लटक गए हैं, जिनके गिरने से किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है. यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एनएच खंड द्वारा यह निर्णय लिया गया है

एनएच खंड और उसकी कार्यदायी एजेंसी इन चार दिनों के दौरान रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक पहाड़ी पर लटके बोल्डरों को हटाने का कार्य करेगी। इस दौरान सुरक्षा कारणों से हाईवे पर किसी भी प्रकार के रात्रिकालीन यातायात की अनुमति नहीं दी जाएगी। एनएच खंड लोनिवि धुमाकोट के अधिशासी अभियंता जितेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्य अवधि के दौरान रात्रि में हाईवे के स्थान पर वैकल्पिक मार्ग सतपुली–कांडाखाल–सिसल्डी–डेरियाखाल से यातायात डायवर्ट किया जाएगा। उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय में यात्रा से पूर्व मार्ग की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें और प्रशासन का सहयोग करें। गौरतलब है कि लगभग दस दिन पूर्व इसी स्थान पर अचानक पहाड़ी से भारी-भरकम बोल्डर गिरने के कारण हाईवे पर लगातार तीन दिनों तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा था। इस घटना से न केवल आम यात्रियों बल्कि स्थानीय निवासियों, स्कूली बच्चों और आपातकालीन सेवाओं को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा था।

वैकल्पिक मार्ग से यात्रा करने पर सतपुली से कोटद्वार की दूरी पूर्व में 54 किलोमीटर की तुलना में बढ़कर लगभग 97 किलोमीटर हो जाएगी, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त समय और ईंधन खर्च करना पड़ेगा। हालांकि सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह अस्थायी व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दिन के समय हाईवे पर यातायात सामान्य रूप से जारी रहेगा और केवल रात्रिकालीन अवधि में ही प्रतिबंध लागू होगा। बोल्डर हटाने का कार्य पूरा होने के बाद हाईवे पर यातायात पूरी तरह सुचारू कर दिया जाएगा।

इसके अलावा कोटद्वार-पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क चौड़ीकरण का कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहा है, जिससे आने वाले समय में यह सफर कहीं अधिक आसान, सुरक्षित और सुविधाजनक हो जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण के तहत पहाड़ कटिंग का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। गुमखाल बाजार से सतपुली की ओर भी पहाड़ काटने का काम शुरू कर दिया गया है। वहीं, सतपुली से गुमखाल की दिशा में गहड़ गांव तक का कटिंग कार्य लगभग पूरा हो चुका है।

बीते दो दिनों से गुमखाल मुख्य बाजार से सतपुली की ओर भारी मशीनों की मदद से चट्टानों को हटाकर सड़क को चौड़ा किया जा रहा है। हालांकि निर्माण कार्य के दौरान लोगों को लंबे जाम और असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि यह परेशानी अस्थायी है और काम पूरा होने के बाद इसका बड़ा लाभ मिलेगा। लंबे समय से संकरी सड़क और तीखे मोड़ों के कारण यातायात संचालन में दिक्कतें आ रही थीं, जो सड़क चौड़ीकरण के बाद काफी हद तक दूर हो जाएंगी। सड़क के चौड़े होने से गुमखाल, सतपुली सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा। लोगों का मानना है कि बेहतर सड़क सुविधा मिलने से लैंसडौन, सतपुली और पौड़ी जैसे पर्यटन स्थलों तक पर्यटकों की पहुंच आसान और तेज़ होगी। इससे न सिर्फ पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे, जिससे क्षेत्रीय लोगों की आमदनी में भी इजाफा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!