दुःखद हादसा- बस की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत,परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल।

दुःखद हादसा- बस की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत,परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल।

गोपेश्वर (चमोली)-03 फरवरी 2026

चमोली जिले के मुख्यालय गोपेश्वर चमोली सड़क मार्ग पर आज मंगलवार को ग्वीलों बैंड के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एक बस की चपेट में आने से स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, दोपहर में स्कूटी सवार महिला गोपेश्वर की ओर आ रही थी, तभी ग्वीलों बैंड के पास एक अनियंत्रित बस ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल महिला को जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुँचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतका की पहचान मंजू देवी (35 वर्ष), पत्नी भरत सिंह नेगी के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम ईरानी की निवासी थीं और वर्तमान में कोठियालसैंण में रह रही थीं। अस्पताल में मृतका के पति नेगी ने बताया कि उनकी पत्नी किसी कार्यवश गोपेश्वर आ रही थीं और हादसे की सूचना मिलने पर परिवार बुरी तरह स्तब्ध रह गया।

पुलिस ने दुर्घटना की सूचना मिलते ही तुरंत कार्रवाई करते हुए बस चालक को हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जाएगा। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने ग्वीलों बैंड पर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!