आजादी के 78 वर्ष बाद भी पिण्डरघाटी के कई गांव संचार सुविधा से वंचित,क्षेत्रवासियों ने 2027 विधानसभा चुनाव बहिष्कार की दी चेतावनी।
देवाल (चमोली)-04 फरवरी 2026
आजादी के 78 वर्ष बाद भी विकासखंड देवाल की पिंडर घाटी के सौरीगाड़, उदयपुर, खेता, मानमती, रामपुर, तोरती आदि गांवों में संचार सुविधा सुचारु रूप से नहीं होने के कारण ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं। ग्रामीणों का कहना हैं नेटवर्क नहीं होने के कारण आपातकालीन स्थिति में कोई सूचना देना मुश्किल हो जाता है, वर्तमान समय में हमारी सरकार डिजिटल इंडिया की बात करती है, लेकिन नेटवर्क नहीं होने के कारण सरकारी काम -काज,राशन कार्ड की केवाईसी, मनरेगा की केवाईसी, ग्राहक सेवा केंद्र (सीएससी) आदि कार्य नहीं हो पा रहे हैं।
खेता मानमती निवासी प्रकाश राम ने बताया कि पिंडर घाटी में बीएसएनएल के चार टावर लगे हैं जो की 4G सैचुरेशन में बने हुए हैं, तोरती गांव का टावर मुनियालीखेत नाम से लगा है और एक टावर बजाई नाम से कुंवरपाटा में लगा है, तीसरा टावर हरमल नाम से उदयपुर में लगा है, खेता गांव के 2G टावर को 4G में बीएसएनएल द्वारा किया गया है, लेकिन यह टावर बिल्कुल भी काम नहीं कर रहे हैं, विभाग का कहना है कि यह टावर अच्छी तरह से काम कर रहे हैं इस सम्बन्ध में हम लोगों ने पूर्व में विधायक, सांसद व मुख्यमंत्री धामी को पत्राचार करने के बावजूद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है, साथ ही देहरादून में सीजीएम महोदय से भी इस संबंध में मुलाकात की लेकिन उनका कहना है कि हमारे यहां से ट्रैफिक बहुत अच्छा आ रहा है साथ ही एक जिओ का टावर भी 8 साल पहले लगाया गया था वह भी पता नहीं क्यों चालू नहीं हो पाया हैं।
पूर्व सैनिक दान सिंह गड़िया ने बताया 2008 में हमारे यहां बीएसएनएल का टावर लगा था जो बहुत अच्छा काम कर रहा था, लेकिन जब से 4G के चक्कर में टावर लगाए गए तब से संचार व्यवस्था ठप हो गई है, बीएसएनएल के टावर के साथ जो 2008 में जिओ का टावर लगा था, साथ ही उस समय एक वोडाफोन का टावर भी बीएसएनल ने चलने नहीं दिया, मैं अपने क्षेत्र के विधायक, सांसद, ब्लॉक प्रमुख से निवेदन करना चाहता हूं हमारे क्षेत्र में दूरसंचार की व्यवस्था दुरुस्त करने की कृपा करें, यदि जल्द ही हमारी मांग पूरी नहीं होती हैं, तो हम 2027 विधानसभा चुनाव का बहिष्कार भी करेंगे।
देवाल के ब्लॉक प्रमुख तेजपाल रावत ने बताया मेरी पीड़ा रही हैं कि मेरे विकासखंड देवाल में पिंडरघाटी के कई गांव नेटवर्क विहीन है, इस संबंध में सांसद गढ़वाल अनिल बलूनी,मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से वार्ता की थी, उन्होंने आश्वासन दिया था कि हम 5- 6 महीने के अंदर पिंडर घाटी में को संचार व्यवस्था से जोड़ने का कार्य करेंगे, में उनसे निवेदन करना चाहता हूं कि जल्द से जल्द पिंडर घाटी को नेटवर्क सुविधा से जोड़ने का कष्ट करेंगे यह मेरी प्राथमिकता है।
ग्रामीण पुष्कर सिंह दानू, पान सिंह बिष्ट, शेर सिंह दानू, कलम सिंह दानू, प्रेम सिंह दानू, दीवान सिंह बिष्ट, नंदन सिंह दानू आदि लोगों ने इस संबंध में उचित कार्यवाही नहीं होने पर उग्र आंदोलन और 2027 विधानसभा चुनाव बहिष्कार करने की चेतावनी भी दी हैं।
