केदारताल में गुम हुए आठ ट्रैकर, 6 दिन से तलाश जारी,परिजनों की बढ़ी बेचैनी।

केदारताल में गुम हुए आठ ट्रैकर, 6 दिन से तलाश जारी,परिजनों की बढ़ी बेचैनी।

उत्तरकाशी:-03 नवंबर 2026

उत्तराखंड के दुर्गम केदारताल ट्रैक पर लापता आठ लोगों का छह दिन बाद भी कोई सुराग नहीं मिल पाया है। लगातार बर्फबारी, खराब मौसम और कम दृश्यता के बीच रेस्क्यू टीमें बर्फीले पहाड़ों में जिंदगी की तलाश कर रही हैं। लापता लोगों में पश्चिम बंगाल के पांच, उत्तर प्रदेश के दो ट्रैकर और उत्तरकाशी का स्थानीय गाइड सिद्धार्थ राणा शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, 12 सदस्यीय दल 27 अक्टूबर को गंगोत्री से केदारताल ट्रैक के लिए रवाना हुआ था। 29 अक्टूबर को वापसी के दौरान भोजखड़क और कच्ची ढांग के पास अचानक हिमस्खलन और भारी बर्फबारी की चपेट में आने से आठ सदस्य लापता हो गए, जबकि चार सदस्य सुरक्षित लौट आए।

31 अक्टूबर से शुरू हुए खोज अभियान में NDRF, SDRF, उत्तराखंड पुलिस, वन विभाग और नेहरू इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग की टीमें जुटी हैं। हेलिकॉप्टर से हवाई सर्वेक्षण के साथ जमीनी स्तर पर भी तलाश की जा रही है। घटनास्थल के आसपास कुछ सामान मिलने से हिमस्खलन की आशंका और गहरा गई है।

इधर, लापता गाइड के पिता मोहन राणा ने सेना को रेस्क्यू अभियान में शामिल करने की मांग की है। परिजनों और ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर तलाश तेज करने की गुहार लगाई है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने भी लापता ट्रैकरों को जल्द सुरक्षित खोजने की अपील की है।

बर्फीले पहाड़ों के बीच जारी इस अभियान के साथ अब आठ परिवारों की उम्मीदें टिकी हैं कि उनके अपने सकुशल लौट आएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!