उत्तराखंड के औली में नेशनल विंटर गेम्स का आगाज,पहले दिन जाइंट सलालम प्रतियोगिता में हिमाचल का रहा दबदबा।

उत्तराखंड के औली में नेशनल विंटर गेम्स का आगाज,पहले दिन जाइंट सलालम प्रतियोगिता में हिमाचल का रहा दबदबा।

औली (चमोली)- 13 फरवरी 2026

विश्व प्रसिद्ध हिमक्रीड़ा स्थल औली में ‘नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप एवं विंटर कार्निवल 2026’ का भव्य आगाज हो गया है. इस नेशनल चैंपियनशिप में 17 राज्यों की टीमों के अलावा आईटीबीपी, सीआरपीएफ और सेना की टीमें प्रतिभाग कर रही हैं. राष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिता का आगाज जाइंट सलालम महिला वर्ग की रेस के साथ हो गया है। पहले दिन जाइंट सलालम प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की टीम ने बेहतर प्रदर्शन किया।

हिमाचल प्रदेश का दबदबा⤵️

आज महिला वर्ग की जाइंट सलालम प्रतियोगिता आयोजित की गई. जिसमें कुल 18 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में पहला स्थान आंचल ठाकुर ने हासिल किया। जबकि, दूसरा संध्या और तनुजा ठाकुर ने हासिल किया। खास बात ये है कि तीनों विजेता हिमाचल प्रदेश के रहने वाले हैं

औली विंटर कार्निवल का आगाज⤵️

औली नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप और विंटर कार्निवल 2026 का शुभारंभ उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को विश्वस्तरीय शीतकालीन पर्यटन डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित किया जा रहा है। देवभूमि उत्तराखंड प्राकृतिक सौंदर्य,आध्यात्मिक चेतना और साहसिक संभावनाओं का अद्वितीय संगम है।

समुद्र तल से करीब 2,500 से 3,050 मीटर की ऊंचाई पर स्थित औली अपने विस्तृत प्राकृतिक ढलानों, ओक और देवदार के वनों, नंदा देवी, कामेट और माणा जैसे हिमालयी शिखरों के दिव्य दृश्यों के कारण भारत का प्रमुख विंटर डेस्टिनेशन बन चुका है। यहां की भौगोलिक संरचना और अनुकूल जलवायु इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए आदर्श स्थल बनाती हैं।

क्या बोले सतपाल महाराज?⤵️

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि 13 से 16 फरवरी 2026 तक आयोजित इस विंटर कार्निवल (Winter Carnival) में कई गतिविधियां संचालित होंगी. साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों और स्थानीय लोक कलाओं की प्रस्तुतियां भी इस आयोजन को एक अद्वितीय उत्सव बना रही हैं।उन्होंने कहा कि यह आयोजन स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करेगा। होमस्टे और स्थानीय उद्यमों को बढ़ावा देगा. साथ ही क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाएगा। हमारा उद्देश्य केवल आयोजन करना नहीं, बल्कि औली को एक स्थायी विंटर स्पोर्ट्स हब (Winter Sports Hub) के रूप में विशिष्ट पहचान मिलेगी। मंत्री महाराज ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार पर्यटन को राज्य की अर्थव्यवस्था का प्रमुख आधार स्तंभ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। शीतकालीन पर्यटन को साल भर के पर्यटन चक्र में समाहित कर उत्तराखंड के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में संतुलित और सतत विकास सुनिश्चित किया जा रहा है।

पर्यटन मंत्री महाराज ने की ये घोषणाएं⤵️

शीतकालीन पर्यटन एवं साहसिक खेलों को बढ़ावा देने लिए औली में विंटर कार्निवल का आयोजन किया जा रहा है, जिसे अब हर साल आयोजित किया जाएगा।

अप्रैल 2026 में भारतीय सेना के साथ ‘सूर्य देवभूमि चैलेंज’ का आयोजन प्रस्तावित है, जिसके तहत हेलंग से उर्गम, रुद्रनाथ, मंडल होते हुए उखीमठ तक कुल 91 किमी की ट्रेल का आयोजन किया जाएगा।

आदि कैलाश अल्ट्रा मैराथन की सफलता के बाद चमोली जिले की नीति घाटी में 31 मई को ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का आयोजन किया जाना है, जिसमें रिमखिम से नीति होकर मलारी तक कुल 75 किमी अल्ट्रा मैराथन आयोजित की जाएगी। वहीं, मलारी से नीति होकर मलारी तक कुल 42 किमी मैराथन आयोजित की जाएगी. इन कार्यक्रमों में विदेशी प्रतिभागियों की उपस्थिति सुनिश्चित किए जाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। जून 2026 में भारतीय सेना के साथ मिलकर बदरीनाथ और माणा में ‘देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल’ के द्वितीय संस्करण का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है। 80 के दशक में कुमाऊं से गढ़वाल के बीच होने वाली प्रसिद्ध ‘हिमालयन कार रैली’ का साल 2026 में दोबारा आयोजन प्रस्तावित है।

पैराग्लाइडिंग गतिविधियों के प्रचार-प्रसार के लिए पिछले महीने ‘ऐरो फेस्टिवल’ का आयोजन किया गया, जिसे कैलेंडर इवेंट की तरह हर साल आयोजित किया जाएगा.
पर्वतमाला परियोजना के अंतर्गत केदारनाथ और हेमकुंड रोपवे का निर्माण कार्य इस साल से होना प्रस्तावित है. रोपवे के निर्माण इन दोनों धामों में आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। औली स्थित रोपवे की जल्द मरम्मत की जाएगी, जिसके लिए तकनीकी टीम ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) पहुंच गई है।

प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन⤵️

वहीं, नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप एवं विंटर कार्निवल में प्रदर्शनी भी लगाई गई. स्थानीय उत्पाद प्रदर्शनी को लोगों ने खूब सराहा. इसके अलावा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी सबका मन मोहा. इस दौरान मां नंदा देवी डोली का मंचन भव्य रहा. साथ ही अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।

ये टीमें कर रहीं हैं प्रतिभाग⤵️

➡️हिमाचल- (अल्पाइन एवं स्की माउंटेनियरिंग)
➡️तेलंगाना- ( अल्पाइन)
➡️ओडिशा- (अल्पाइन)
➡️महाराष्ट्र- (अल्पाइन एवं स्की माउंटेनियरिंग)
➡️लद्दाख- (अल्पाइन एवं स्की माउंटेनियरिंग)
➡️जम्मू कश्मीर- (अल्पाइन एवं स्की माउंटेनियरिंग)
➡️गुजरात- (अल्पाइन)
➡️दिल्ली- (अल्पाइन)
➡️कर्नाटक- (स्की माउंटेनियरिंग)
➡️हरियाणा- (अल्पाइन एवं स्की माउंटेनियरिंग)
➡️पंजाब- (अल्पाइन )
➡️उत्तरप्रदेश- (स्की माउंटेनियरिंग)
➡️सीआरपीएफ- (स्की माउंटेनियरिंग एंड अल्पाइन)
➡️आईटीबीपी- (अल्पाइन एंड स्की माउंटेनियरिंग)
➡️आर्मी- (अल्पाइन एंड स्की माउंटेनियरिंग)
➡️उत्तराखंड ए- (अल्पाइन एंड स्की माउंटेनियरिंग)
➡️उत्तराखंड बी- (अल्पाइन एंड स्की माउंटेनियरिंग)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!