युवक के किडनैपिंग का मामला आया सामने,पुलिस ने कुछ ही घंटों में युवक को ढूंढकर आरोपियों को किया गिरफ्तार।
विकासनगर (देहरादून)-03 मार्च 2026
देहरादून पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है,देहरादून पुलिस ने किडनैपिंग और फिरौती के खेल का पर्दाफाश करते हुए पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने एक युवक का किडनैप कर उन्हें उसकी मां से एक लाख रुपए की डिमांड की गई थी।
पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि विकासनगर के भोजावाला निवासी पुष्पा देवी पत्नी स्व. सुरेश पुन्डीर ने दो मार्च को विकासनगर थाने में तहरीर दी थी। अपनी तहरीर में महिला ने बताया कि बाइक सवार कुछ अज्ञात व्यक्ति उनके घर में जबरन अंदर घुसे और उनके पुत्र शक्ति पुंडीर के साथ मारपीट की. इसके बाद उसके बेटे को गाड़ी में अगवा कर अपने साथ ले गए। पुष्पा देवी का कहना है कि इस घटना के कुछ देर बाद उनके मोबाइल पर अंजान नंबर से कॉल आया. कॉल करने वाले व्यक्ति ने पुष्पा देवी से उनके बेटे को छोड़ने के लिए एक लाख रुपए की मांग की। पुलिस ने तुरंत तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोभाल के निर्देश पर विकासनगर कोतवाली में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने पुष्पा देवी के घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकाली और उन्हें खंगालना शुरू किया। पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से उन्हें कुछ अहम सुराग हाथ लगे। इसके बाद पुलिस ने अपने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया. वहां वारदात में इस्तेमाल वाहन और उसके मालिक के बारे में जानकारी एकत्र की। सभी जानकारियों मिलने के बाद पुलिस ने अपना एक्शन शुरू किया और रात को ही शक्ति सिंह को विकासनगर क्षेत्र से सकुशल बरामद करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया की गिरफ्तार आरोपी शातिर किस्म के अपराधी है, जो नशे के आदी व्यक्तियों को चिन्हित करते हुए खुद को धार्मिक संगठनों से जुडा होना बताते हुए उन्हें जेल भिजवाने की धमकी और अन्य माध्यमों से ब्लैकमेल कर फिरौती वसूलते है।
गिरफ्तार आरोपी⤵️
विकास वैरागी उम्र 35 साल निवासी हकीकत नगर पुलिस लाइन सहारनपुर उत्तर प्रदेश.।
नीरज उम्र 34 साल सहारनपुर उत्तर प्रदेश।
प्रवीन उम्र 44 साल निवासी पहाड़ी गली विकासनगर।
सचिन उम्र 31 साल निवासी जीवनगढ विकासनगर।
नवीन उम्र 27 साल निवासी डांडा वार्ड 5 डाकपत्थर विकासनगर।
