रुद्रपुर में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत,नाली में पड़ा हुआ मिला शव।
रुद्रपुर (उधमसिंह नगर)-25 मार्च 2026
उधमसिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई जब वीरजी होटल के पास गली में एक युवक का शव नाली में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी है।
उधम सिंह नगर रुद्रपुर ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिडकुल ढाल के पास वीरजी होटल वाली गली में गुरुवार सुबह अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया,डायल 112 पर सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति नाली में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही कोतवाली ट्रांजिट कैंप की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। स्थानीय निवासी ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 7:30 बजे वह अपने घर में थी, तभी बाहर से एक व्यक्ति की आवाज आई,जब वह बाहर गई तो उक्त व्यक्ति उससे रोटी मांग रहा था।उन्होंने बताया कि रोटी अभी नहीं बनी है, जिसके बाद वह व्यक्ति घर के बाहर नाली के ऊपर बने स्लैब पर बैठ गया। कुछ समय बाद वह अंदर चली गईं। करीब 9 बजे जब उनकी बेटी फैक्ट्री जाने के लिए निकली तो उसने बताया कि वही व्यक्ति नाली में गिरा पड़ा है। इसके बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और जांच शुरू की। प्रभारी निरीक्षक मोहन चंद पांडे ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
उन्होंने बताया कि मृतक के पास से कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिले हैं, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।मृतक की उम्र लगभग 30-32 वर्ष के बीच बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए हैं। पुलिस ने शव के फिंगरप्रिंट भी लिए हैं और पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही आसपास के थानों को भी सूचना दे दी गई है, ताकि गुमशुदगी की रिपोर्ट से मिलान किया जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सके।
