गदरपुर पुलिस के साथ मुठभेड़ में शातिर नशा तस्कर शाकिर उर्फ नक्टा गिरफ्तार,पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के पैर में लगी गोली।
रुद्रपुर (उधमसिंह नगर)- 28 मार्च 2026
पुलिस द्वारा नशा तस्करों और अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली गदरपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस टीम द्वारा ग्राम कलकत्ती खानपुर तिराहा के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था, तभी वांछित अभियुक्त शाकिर अली उर्फ नक्टा सामने आया। पुलिस को देखते ही उसने टीम पर फायरिंग कर दी और मौके से भागने का प्रयास किया।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया। पीछा करते-करते यह घटनाक्रम कनकट्टा चौराहे से आगे कुईखेड़ी मार्ग स्थित श्मशान घाट के पास पहुंच गया, जहां दोनों ओर से मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। घायल अवस्था में उसे तत्काल उपचार के लिए जिला चिकित्सालय रुद्रपुर भेजा गया. गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक तमंचा 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, शाकिर उर्फ नक्टा एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
इस पूरे मामले की शुरुआत 24 जनवरी को हुई थी, जब एएनटीएफ कुमाऊं यूनिट रुद्रपुर द्वारा चेकिंग के दौरान करतारपुर रोड तिराहा पुलिया पर एक स्कूटी को रोका गया। स्कूटी एक नाबालिग चला रहा था। तलाशी के दौरान उसकी डिग्गी से स्मैक (हेरोइन) बरामद हुई। पूछताछ में नाबालिग ने बताया कि यह नशा उसके पिता शाकिर अली उर्फ नक्टा और मां शाईन ने किसी व्यक्ति को देने के लिए भेजा था. इस आधार पर गदरपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच में यह भी सामने आया कि शाकिर अपने नाबालिग बच्चों का इस्तेमाल भी अवैध नशे के कारोबार में करता था, जो समाज के लिए बेहद गंभीर और चिंताजनक विषय है।
अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी लंबा है,जिसमें हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट और अवैध हथियार रखने जैसे कई मामले शामिल हैं। एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि नशा तस्करों और अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
