उत्तराखंड के पांच जिलों में अलर्ट,बारिश-बर्फबारी और अंधड़ की चेतावनी।
उत्तराखंड-31 मार्च 2026
रिपोर्ट-डॉ जयदेव पंवार.
उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। पहाड़ी इलाकों में जहां बारिश और बर्फबारी के आसार हैं, वहीं मैदानी क्षेत्रों में तेज हवाओं और अंधड़ को लेकर चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिन राज्यभर में मौसम का मिक्स पैटर्न देखने को मिलेगा।
➡️पहाड़ों पर बारिश बर्फबारी,मैदानों में अंधड़ की चेतावनी⤵️
उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों के कुछ इलाकों में आज हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। वहीं 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है.मैदानी जिलों की बात करें तो यहां भी मौसम पूरी तरह साफ नहीं रहेगा। कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश और गरज के साथ बूंदाबांदी होने के आसार जताए गए हैं।
➡️5 जिलों में यलो अलर्ट⤵️
मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग,चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से लेकर सामान्य से अधिक तक बना रहा। मौसम विभाग का कहना है कि आगामी 2 से 3 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इससे पहले रविवार को नैनीताल शहर में बूंदाबांदी हुई।
➡️आगे कैसा रहेगा मौसम⤵️
1 अप्रैल- उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश की संभावना है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक भी देखने को मिल सकती है, जबकि 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी के आसार हैं।
वहीं, राज्य के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।
2 अप्रैल- पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके साथ ही कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश भी हो सकती है, जबकि 3300 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी के आसार हैं।वहीं, राज्य के मैदानी जिलों में मौसम सामान्य और शुष्क बने रहने की संभावना जताई गई है। राज्य के शेष पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं, राज्य के मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
