ISIS आतंकी रिजवान को आज कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी पुलिस,भारत में भर्ती का था जिम्मा।
नई दिल्ली-05 अप्रैल 2026
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की काउंटर इंटेलीजेंस और यूपी एटीएस द्वारा उत्तर प्रदेश के कुशीनगर से गिरफ्तार करके लाए गए आईएसआईएस आतंकी रिजवान अहमद को आज पटियाला हाउस कोर्ट में पेश कर स्पेशल सेल पूछताछ के लिए रिमांड पर लेगी। रिजवान अहमद 2017 से 2023 तक मुंबई के जेल में बंद था। वह 2015 से आईएस आईएस से जुड़ा हुआ था। इसे भारत में आईएसआईएस (ISIS) के लिए भर्ती का काम सौंपा गया था। इसके कब्जे से बम बनाने का समान बरामद किया गया है। इसके कब्जे से कई आपत्तिजनक दस्ताबेज जैसे जेहादी लिटरेचर बरामद आदि भी बरामद किया गया है।
बता दें कि कुशीनगर के सीजेएम कोर्ट में पेश करने के बाद उसका ट्रांजिट रिमांड लेकर दिल्ली पुलिस दिल्ली रवाना हुई थी। पुलिस टीम ने उसके मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को भी जब्त किया है।
एक दशक पहले गया था मुंबई⤵️
पडरौना छावनी के राइन मोहल्ले में रहने वाला रिजवान अहमद रोजगार के सिलसिले में एक दशक पहले मुंबई गया था। मुंबई ब्लास्ट से जुड़े मामले की जांच कर रही एजेंसियों की छानबीन में उसके कमरे से विस्फोटक बरामद हुए। वहीं, जांच में उसके नंबर से अंतरराष्ट्रीय कॉल और आइएसआइएस से तार जुड़े होने की पुष्टि होने पर वह छह वर्ष तक जेल में बंद रहा था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल द्वारा दर्ज अपराध संख्या 80-2026 की जांच में भी उसकी भूमिका सामने आई।
बताते चले कि बीते 23 फरवरी की स्पेशल सेल की टीम ने देश में बड़े आतंकी हमले की साजिश रच रहे पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक बड़े मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया था। करीब नौ दिनों तक कोलकाता और तमिलनाडु में छापामारी कर टीम ने सात बांग्लादेशी समेत कुल आठ आतंकियों को गिरफ्तार किया था। बांग्लादेश में बैठे लश्कर के हैंडलर शबीर अहमद लोन के निर्देश पर यह मॉड्यूल देश में बड़ा आतंकी हमला करने की साजिश बना रहा था। इसके लिए कई राज्यों में भीड़ वाले स्थानों की रेकी भी कर ली गई थी। आरोपितों के पास से उनके मोबाइल में इसके वीडियो भी बरामद हुए थे।
