पुलिन ने दो स्मैक तस्करों को किया गिरफ्तार,आरोपियों से 71 लाख की स्मैक बरामद।
रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)-08 अप्रैल 2026
उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले में ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 71 लाख रुपये की स्मैक बरामद की है। इस संयुक्त अभियान में दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। एसएसपी अजय गणपति ने इस पूरे मामले का खुलासा किया। जनपद ऊधम सिंह नगर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान ऑपरेशन प्रहार लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में 7 अप्रैल को पुलिस और विभिन्न एजेंसियों की संयुक्त टीमों ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में स्मैक बरामद की और दो तस्करों को गिरफ्तार किया।पहली कार्रवाई किच्छा क्षेत्र में की गई, जहां कोतवाली किच्छा पुलिस और एएनटीएफ कुमाऊं की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक महिला को संदिग्ध अवस्था में रोका। तलाशी लेने पर उसके पास से 133 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में महिला ने अपना नाम सुरेन्द्र कौर उर्फ छिन्दौ कौर (42 वर्ष) निवासी टिब्बा लालपुर बताया। पुलिस ने उसके खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है. साथ ही उसके पास से 4000 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।
दूसरी बड़ी कार्रवाई रुद्रपुर में की गई, जहां एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और कोतवाली रुद्रपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बागवाला-रुद्रपुर-रामपुर बाईपास पर चेकिंग के दौरान एक युवक को पकड़ा. तलाशी में उसके पास से 103.33 ग्राम स्मैक बरामद हुई।आरोपी ने अपना नाम अर्जुन सिंह (26 वर्ष) निवासी कपूरपुर थाना मीरगंज जिला बरेली बताया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक फतेहगंज क्षेत्र से लेकर आया था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। आरोपी के पास से एक एंड्रायड मोबाइल फोन (Realme) भी बरामद किया गया है। इन दोनों कार्रवाइयों में कुल 236 ग्राम से अधिक स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 71 लाख रुपये बताई जा रही है। एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखना और समाज को सुरक्षित बनाना है।
