गैरसैंण सत्र के लिए पहुंचे सीएम धामी: गौचर से कर्णप्रयाग तक जोरदार स्वागत,आदिबद्री धाम में की विशेष पूजा-अर्चना।
गैरसैंण:- 26 अक्टूबर 2026
रिपोर्ट-पुष्कर सिंह रावत
उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी भराड़ीसैंण (गैरसैंण) में कल मंगलवार से आयोजित होने वाले विधानसभा सत्र में प्रतिभाग करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गैरसैंण पहुंच गए हैं। जनपद की सीमा में प्रवेश करते ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों,पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। गौचर से लेकर कर्णप्रयाग तक पूरे मार्ग में मुख्यमंत्री के अभिनंदन के लिए कार्यकर्ता व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
चमोली जनपद आगमन पर कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल और थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने फूलों के गुलदस्ते और पारंपरिक पहाड़ी शॉल भेंट कर मुख्यमंत्री की अगवानी की। इसके साथ ही प्रशासनिक स्तर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार तथा मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी ने मुख्यमंत्री का स्वागत कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
भराड़ीसैंण जाते समय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का काफिला जब आदिबद्री क्षेत्र में पहुंचा, तो उन्होंने सुरक्षा प्रोटोकॉल से हटकर एक बेहद सहज और आत्मीय रूप दिखाया। मुख्यमंत्री ने आदिबद्री की स्थानीय दुकानों पर पहुंचकर आम दुकानदारों, राहगीरों और बच्चों से सीधे मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को दुलारते हुए उनका कुशलक्षेम जाना और स्थानीय लोगों से क्षेत्र की समस्याओं व विकास पर सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री के इस सादगीपूर्ण और आत्मीय व्यवहार से स्थानीय जनता बेहद गदगद नजर आई। विभिन्न स्थानों पर उमड़े जनसैलाब का अभिवादन स्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री ने जनता से मिले इस असीम स्नेह और आदर के लिए सभी का सहृदय आभार व्यक्त किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऐतिहासिक एवं पौराणिक आदिबद्री मंदिर में पहुंचकर भगवान नारायण के दर्शन किए।मुख्यमंत्री ने भगवान से समस्त उत्तराखंडवासियों के सुखद, समृद्ध और निरोगी जीवन की प्रार्थना की। उन्होंने कामना की कि देवभूमि उत्तराखंड निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ता रहे। इसके उपरांत मुख्यमंत्री का काफिला भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा परिसर के लिए रवाना हो गया, जहाँ कल से शुरू हो रहे विधायी कार्यों को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं।
