चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर कार चढ़ाने वाला चालक गिरफ्तार,अस्पताल से भागने की फिराक में था आरोपी।
विकासनगर (देहरादून)-10 अप्रैल 2026
कोतवाली पुलिस ने चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने वाले वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पुलिस द्वारा रोकने के प्रयास के दौरान कार से टक्कर मारकर एक कांस्टेबल और एक स्थानीय व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल कर दिया था।
घटना 7 अप्रैल 2026 की रात करीब 11 बजे की है, जब पुलिस टीम डाकपत्थर तिराहा पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक काले रंग की कार (HR87P6040) को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और तेज गति व लापरवाही से भागने लगा। पुलिस द्वारा सरकारी वाहन आगे लगाकर रोकने की कोशिश की गई, तभी चालक ने अचानक वाहन पीछे लेकर कांस्टेबल लोकेन्द्र सिंह को टक्कर मार दी। बीच-बचाव करने पहुंचे स्थानीय व्यक्ति विपिन कुमार भी इस दौरान घायल हो गए।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जबकि घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन की सूचना प्रसारित की, जिसके बाद उक्त कार बल्लीवाला फ्लाईओवर के पास दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में मिली और थाना बसंत विहार में दाखिल की गई।
जांच में सामने आया कि वाहन चालक गौरव चौधरी (22 वर्ष), निवासी नई कॉलोनी, गोगामाड़ी मंदिर के पास, डाकपत्थर, को उपचार के लिए सुभारती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना विकासनगर में एफआईआर संख्या 107/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।
इस मामले में वाहन में सवार चार अन्य आरोपियों को 8 अप्रैल को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि मुख्य आरोपी फरार चल रहा था। 9 अप्रैल को सूचना मिली कि आरोपी अस्पताल से डिस्चार्ज होकर भागने की फिराक में है। इस पर पुलिस टीम ने सुभारती अस्पताल परिसर से उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
