ज्योलीकोट में बाघ ने महिला को मार डाला,ग्रामीणों ने सड़क पर शव रख कर किया प्रदर्शन।
नैनीताल:-22 अप्रैल 2026
ज्योलीकोट क्षेत्र के ज्योली गांव में बाघ के हमले में एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। वहीं, आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ विरोध जताना शुरू कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, ज्योली गांव की 52 वर्षीय हेमा पांडे घर से मवेशियों के लिए चारा लेने पास के जंगल गई थीं। उनके साथ गांव की दो अन्य महिलाएं भी मौजूद थीं. बताया जा रहा है कि कुछ समय बाद हेमा पांडे अचानक गायब हो गई। इस पर साथ गई महिलाएं घबराकर गांव लौट आईं और परिजनों समेत ग्रामीणों को इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण जंगल की ओर पहुंचे और महिला की तलाश शुरू की. काफी खोजबीन के बाद कुछ दूरी पर हेमा पांडे का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि बाघ ने महिला पर हमला कर उसे अपना शिकार बना लिया. इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से बाघ की सक्रियता बनी हुई है, लेकिन वन विभाग इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा पाया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पूर्व में भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, बावजूद इसके सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले पास के मोरा गांव में भी एक महिला को बाघ ने अपना शिकार बनाया था. उस घटना के बाद वन विभाग ने एक बाघ को पकड़कर उसे आदमखोर घोषित किया था और दावा किया था कि वही बाघ अन्य घटनाओं के लिए जिम्मेदार था. इसके बावजूद क्षेत्र में हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है और मांग रखी है कि जल्द से जल्द आदमखोर बाघ को पकड़ा जाए। साथ ही क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग भी उठाई गई है। उधर, घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच के साथ ही आगे की कार्रवाई में जुट गई है. विभाग की ओर से बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने और उसे पकड़ने के प्रयास तेज करने की बात कही जा रही है। फिलहाल, गांव में डर का माहौल बना हुआ है और लोग अपने घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की है. ताकि, भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.
डीएफओ, नैनीताल आकाश गंगवार ने कहा कि,ज्योलीकोट क्षेत्र में शिकारी वन्यजीव की ओर से महिला पर हमला किए जाने की सूचना मिली थी. जिसके बाद स्थानीय लोगों के साथ मिलकर वन विभाग की टीम ने महिला को ढूंढने का प्रयास किया। करीब 2 किलोमीटर दूर से महिला का शव बरामद किया गया,फिलहाल, वन विभाग की टीम गांव में गश्त कर रही है. गुलदार हो या बाघ, उसे पकड़ने की कोशिश की जा रही है।
