दयारा बुग्याल से लापता बबीता पांडे को ढूढ़ने के लिए सर्च ऑपरेशन जारी, हेलीकॉप्टर की ली जा रही है मदद।
उत्तरकाशी:-08 जून 2026
दयारा बुग्याल ट्रेक क्षेत्र से लापता युवती बबीता पांडे की तलाश सातवें दिन भी जारी रही। अब तक लापता बबीता पांडे का कोई पता नहीं चल सका है। लगातार असफल हो रही जमीनी खोज के बीच रविवार को पहली बार हेलीकॉप्टर के जरिए दयारा बुग्याल और आसपास के दुर्गम क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया गया। पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, एनआईएम समेत कई एजेंसियों की संयुक्त टीमें दिन-रात सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस,एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम), राजस्व विभाग तथा वन विभाग की संयुक्त टीमें लगातार क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। टीमें दयारा बुग्याल के अलावा आसपास के जंगलों, गहरी खाइयों, गदेरों, चट्टानों के बीच बने छोटे-छोटे उड्यारों, झाड़ियों तथा अन्य संभावित स्थानों की बारीकी से जांच कर रही हैं। खोज अभियान को अधिक प्रभावी बनाने के लिए रविवार को यूकाडा के हेलीकॉप्टर की मदद ली गई। हेलीकॉप्टर के माध्यम से दयारा ट्रेक मार्ग और आसपास के पूरे क्षेत्र का हवाई निरीक्षण कर संभावित स्थानों की तलाश की गई। अधिकारियों का कहना है कि दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण जमीनी स्तर पर सर्च अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। जिसके कारण हवाई सर्वेक्षण से भी महत्वपूर्ण जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
अभियान की निगरानी स्वयं पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी कमलेश उपाध्याय कर रही हैं।उनके निर्देशन में पुलिस उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार घटना की सूचना मिलने के बाद से ही दयारा ट्रेक क्षेत्र में कैंप किए हुए हैं। वह पूरे रेस्क्यू अभियान का नेतृत्व कर रहे हैं। वह लगातार विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान की प्रत्येक गतिविधि की समीक्षा कर रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने बताया लापता युवती बबीता पांडे की सकुशल बरामदगी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ हरसंभव प्रयास कर रहे हैं। अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि लगातार चल रहे सघन सर्च अभियान से जल्द ही कोई महत्वपूर्ण सुराग मिल सकता है। फिलहाल दयारा बुग्याल और उससे जुड़े सभी संभावित क्षेत्रों में खोज अभियान निरंतर जारी है।
