जागेश्वर धाम जा रहे यूपी के श्रद्धालुओं का वाहन खाई में गिरा, बच्चों सहित 11 घायल,दो महिलाओं की हालत गंभीर।

जागेश्वर धाम जा रहे यूपी के श्रद्धालुओं का वाहन खाई में गिरा, बच्चों सहित 11 घायल,दो महिलाओं की हालत गंभीर।

अल्मोड़ा:- 16 जून 2026

उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जागेश्वर धाम के दर्शन के लिए जा रहे उत्तर प्रदेश के श्रद्धालुओं से भरा एक मैक्स वाहन बाड़ेछीना-सेराघाट मोटर मार्ग पर अनियंत्रित होकर करीब 15 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में बच्चों सहित 11 लोग घायल हो गए, जबकि दो महिलाओं की हालत गंभीर बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु परिवार टनकपुर मेले में दुकान लगाने के बाद कैंची धाम के दर्शन कर जागेश्वर धाम के लिए रवाना हुआ था। सभी लोग मैक्स वाहन संख्या यूके-03-टीए0097 में सवार होकर यात्रा कर रहे थे। बाड़ेछीना पहुंचने के बाद चालक भूलवश जागेश्वर मार्ग की बजाय धौलछीना की ओर मुड़ गया। बाड़ेछीना से करीब एक किलोमीटर आगे पहुंचने पर चालक ने अचानक वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद मैक्स वाहन सड़क से नीचे करीब 15 मीटर गहरी खाई में जा गिरा और एक गधेरे में जाकर अटक गया। गधेरे में वाहन फंस जाने से एक बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा जानमाल का नुकसान और अधिक हो सकता था।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।

हादसे में घायल होने वालों में दिनेश कुमार शुक्ला (62), प्रतिमा शुक्ला (50), पूर्णिमा शुक्ला (24), स्नेहा शुक्ला (23), अमित तिवारी (32), दीपाली तिवारी (25), दिव्यांश तिवारी (5) और शिवांश तिवारी (2), निवासी कानपुर, उत्तर प्रदेश शामिल हैं। इसके अलावा ममता कौशल और मानवी कौशल, निवासी अयोध्या, उत्तर प्रदेश भी हादसे में घायल हुए हैं। दुर्घटनाग्रस्त वाहन के चालक शेर सिंह (56) पुत्र गुमान सिंह, निवासी मोहनपुर, जिला चंपावत को भी चोटें आई हैं।

प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल पूर्णिमा शुक्ला और दीपाली तिवारी को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया है। अन्य घायलों का उपचार नजदीकी अस्पताल में जारी है।

पुलिस ने बताया कि सभी घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उपचार उपलब्ध कराया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वाहन चालक शेर सिंह को अचानक झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हो गया और हादसा हो गया। हालांकि, वाहन के गधेरे में अटक जाने से एक बड़ी त्रासदी टल गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!