हिमाचल के चंबा में गहरी खाई में गिरी कार,एक ही परिवार के 6 लोगों समेत सात की मौत।

हिमाचल के चंबा में गहरी खाई में गिरी कार,एक ही परिवार के 6 लोगों समेत सात की मौत।

चंबा (हिमांचल प्रदेश):-18 जून 2026

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक बार फिर से दर्दनाक हादसा सामने आया है। चंबा जिले के चुराह के पुखरी-मसरूंड मार्ग पर गहरी खाई में गाड़ी गिरने से एक ही गांव के तीन सगे भाइयों समेत 7 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में महिलाएं और पुरुष शामिल हैं। सभी मुंडन संस्कार से लौट रहे थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू कर दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, चंबा-मसरूंड मार्ग पर छतरूंड के पास देर रात करीब 2 बजे एक बोलेरो गाड़ी (एचपी-01सी-2581) अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त बोलेरो में ग्राम महल पंचायत के सपरोठ गांव के 6 लोग, जिनमें तीन महिलाएं और तीन पुरुष सवार के अलावा एक वाहन चालक सवार था। सभी लोग काकड़ोथा गांव में आयोजित एक मुंडन संस्कार समारोह से अपने घर वापस लौट रहे थे, इसी दौरान छतरूंड के पास वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे करीब 500 मीटर गहरी खाई लुढ़क गया. हादसे में वाहन में सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है।

एडिशनल एसपी चंबा दिनेश कुमार ने कहा कि, काफी मशक्कत के बाद सभी शवों को खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज चंबा भेज दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

चंबा जिले के चुराह से बीजेपी विधायक हंसराज ने इस हादसे पर दुख प्रकट किया है। सोशल मीडिया के जरिये जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि, चंबा जिले के मसरूंड इलाके में हुए सड़क हादसे में जिले की कुठेड़ पंचायत के एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत हुई है, हादसे में कार ड्राइवर की भी मौत हुई है। स्थानीय विधायक के मुताबिक हादसे के बाद स्थानीय लोग पुलिस के साथ मिलकर मदद कर रहे हैं। विधायक हंसराज ने कहा कि इस इलाके में क्रैश बैरियर ना होना हादसों की वजह बनती है। इस हादसे की वजह क्या रही ये जांच के बाद पता चलेगा लेकिन पीडब्ल्यूडी विभाग को इस ओर ध्यान देना चाहिए।

चंबा एसपी विजय कुमार सकलानी ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए कहा है, “छतरूंड के समीप बोलेरो वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेज दिया गया है। पुलिस और स्थानीय प्रशासन राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। हादसे में मृतकों और घायलों के संबंध में जानकारी एकत्र की जा रही है. दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!