ऑपरेशन प्रहार- दून पुलिस की बड़ी कामयाबी,अंतरराज्यीय चोर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार।

ऑपरेशन प्रहार- दून पुलिस की बड़ी कामयाबी,अंतरराज्यीय चोर गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार।

सेलाकुई (देहरादून):-22 जून 2026

देहरादून पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत सेलाकुई क्षेत्र में हुई पांच बड़ी चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह के दो शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 40 लाख रुपये का चोरी का माल, 3 लाख 90 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

सेलाकुई थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने दो आरोपियों विकास और सुमित कुमार को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने सेलाकुई क्षेत्र में पांच अलग-अलग बंद मकानों में चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी दिन में मजदूरी और काम की तलाश के बहाने बंद घरों की रेकी करते थे और रात में चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। गर्मी की छुट्टियों में घरों के खाली होने का फायदा उठाकर उन्होंने कई वारदातें कीं।

आरोपियों की निशानदेही पर शंकरपुर,सहसपुर स्थित किराये के कमरे से करीब 40 लाख रुपये मूल्य का चोरी का सामान और 3 लाख 90 हजार रुपये नकद बरामद किया गया। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त ग्लैमर मोटरसाइकिल भी सीज की गई। पुलिस ने आरोपी विकास के बैंक खाते में चोरी का सामान बेचकर जमा किए गए 2 लाख 50 हजार रुपये भी फ्रीज कर दिए हैं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। गिरोह के एक अन्य सदस्य की संलिप्तता भी प्रकाश में आई है, जिसकी तलाश जारी है। चोरी की पांच घटनाओं का खुलासा करने वाली पुलिस और एसओजी टीम को एसएसपी देहरादून ने 2500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेजी से किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!