पति से विवाद के बाद डेढ़ साल की बेटी संग गंगनहर में कूदी महिला,सर्च ऑपरेशन जारी।

पति से विवाद के बाद डेढ़ साल की बेटी संग गंगनहर में कूदी महिला,सर्च ऑपरेशन जारी।

हरिद्वार:-13 जुलाई 2026

उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से रविवार को एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। बहादराबाद थाना क्षेत्र के धनौरी मार्ग पर डीपीएस दौलतपुर के पास एक महिला ने पति से रास्ते में हुए विवाद के बाद अपनी डेढ़ साल की मासूम बेटी को गोद में लेकर गंगनहर में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, जल पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंच गई तथा मां-बेटी की तलाश में बड़े स्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। हालांकि देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल पाया। इस घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम और चिंता का माहौल बना हुआ है।

पुलिस के अनुसार, कलियर थाना क्षेत्र के कोटा मुरादनगर निवासी अर्जुन फैब्रिकेशन का कार्य करता है। रविवार सुबह वह अपनी पत्नी सरिता, डेढ़ वर्षीय बेटी नोनू और चार वर्षीय बेटे लक्ष्य के साथ बाइक से रायपुर दरेड़ा स्थित अपनी ससुराल जा रहा था। बाइक पर आगे बेटा लक्ष्य बैठा था, जबकि पीछे सरिता अपनी गोद में बेटी नोनू को लेकर बैठी थी। सफर के दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में गंभीर विवाद में बदल गई।जैसे ही बाइक डीपीएस दौलतपुर के समीप पहुंची, आगे चल रहे एक वाहन के कारण अर्जुन को बाइक की रफ्तार कम करनी पड़ी। इसी दौरान सरिता अचानक बाइक से उतरी और किसी को संभलने का मौका दिए बिना अपनी मासूम बेटी को गोद में लेकर गंगनहर में छलांग लगा दी। पूरी घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग और उसका पति कुछ समझ ही नहीं पाए।

राहगीरों की सूचना पर बहादराबाद थाना पुलिस, जल पुलिस और गोताखोरों की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। गंगनहर में कई घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन तेज बहाव के कारण देर शाम तक मां-बेटी का कोई पता नहीं चल सका। पुलिस लगातार अलग-अलग स्थानों पर तलाश अभियान चला रही है। पूछताछ में अर्जुन ने पुलिस को बताया कि उसकी मां का गले का ऑपरेशन जौलीग्रांट स्थित हिमालयन अस्पताल में होना है। ऑपरेशन के दौरान उसे अस्पताल में रहकर मां की देखभाल करनी थी, इसलिए वह अपनी पत्नी और दोनों बच्चों को कुछ दिनों के लिए उनकी ननिहाल छोड़ने जा रहा था। लेकिन रास्ते में हुए विवाद ने पूरे परिवार की जिंदगी बदल दी।

थाना इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि मां और बेटी की तलाश लगातार जारी है। पुलिस महिला के पति और दोनों पक्षों के परिजनों से पूछताछ कर रही है। फिलहाल इस मामले में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है और हर कोई मां-बेटी के सुरक्षित मिलने की दुआ कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!