देवप्रयाग में कार और रोडवेज बस की आमने-सामने भिड़ंत,महिला सहित चार लोग घायल।
देवप्रयाग:-14 जुलाई 2026
टिहरी जिले के देवप्रयाग थाना क्षेत्र में सोमवार को एक सड़क दुर्घटना में उत्तराखंड परिवहन निगम की बस और एक कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा पायल गांव स्थित डंपिंग जोन के पास हुआ। दुर्घटना में कार में सवार एक महिला समेत कुल चार लोग घायल हुए, जबकि बस में मौजूद अन्य यात्री सुरक्षित बताए गए।
जानकारी के अनुसार उत्तराखंड परिवहन निगम की बस संख्या (UK07 PA 6756) पौड़ी से देहरादून की ओर जा रही थी। बस में उस समय कुल 37 यात्री यात्रा कर रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही कार संख्या (UK08 BG 1655) से बस की जोरदार भिड़ंत हो गई.दुर्घटना की सूचना मिलते ही देवप्रयाग पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने बिना देर किए राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया और घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
हादसे में कार में सवार इला (26 वर्ष), निवासी हरिद्वार घायल हो गईं। प्राथमिक सहायता के बाद उन्हें निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बागी (देवप्रयाग) पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। दुर्घटना के दौरान बस में बैठे तीन यात्रियों को भी हल्की चोटें लगीं। घायलों में आरती, निवासी असगढ़, पट्टी मनियारस्यूं (पौड़ी), घनानंद पंत, निवासी ग्राम मैली, पट्टी चक्की (पौड़ी) और बुद्धि देवी, निवासी ग्राम उजियारी, पट्टी गंगवारस्यूं (पौड़ी) शामिल हैं। सभी की स्थिति सामान्य बताई गई है।
पुलिस के अनुसार सभी घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध करा दिया गया है। फिलहाल दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
