चम्पावत के बनलेख में भीषण सड़क हादसा:150 मीटर गहरी खाई में गिरी कार,एक की मौत,3 घायल।

चम्पावत के बनलेख में भीषण सड़क हादसा:150 मीटर गहरी खाई में गिरी कार,एक की मौत,3 घायल।

चम्पावत:-11 अगस्त 2026

चम्पावत के बनलेख से इस वक्त की बड़ी और दर्दनाक खबर सामने आ रही है। राष्ट्रीय राजमार्ग-09 पर बनलेख क्षेत्र में खटीमा से पिथौरागढ़ जा रही वैगनआर कार संख्या (UK05 TA 5054) अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में चार लोग सवार थे।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस महकमा तत्काल हरकत में आया। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र से पुलिस, SDRF, राजस्व विभाग, स्वास्थ्य विभाग और 108 सेवा को तत्काल सक्रिय किया गया.हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी मनीष कुमार स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से हादसे की जानकारी लेते हुए घायलों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

सूचना मिलते ही कोतवाली चम्पावत पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची। वाहन गहरी खाई में गिरा होने के कारण रेस्क्यू टीम के सामने बड़ी चुनौती थी। पुलिस जवानों, SDRF कर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए खाई में उतरकर संयुक्त रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद कार में सवार सभी चार लोगों को खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल चम्पावत पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों की जांच के बाद एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं दो घायलों का जिला अस्पताल चम्पावत में उपचार जारी है।एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी रेफर किया गया है।

रेस्क्यू अभियान में SDRF प्रभारी देवेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल राम सिंह धोनी, कांस्टेबल राजेंद्र सिंह, किशोर सिंह और अमित मिश्रा, होमगार्ड जवान दीपक, कमल कुमार और नीरज सिंह सहित पुलिस, राजस्व विभाग के कार्मिकों और स्थानीय ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने राहत एवं बचाव अभियान में जुटे सभी कार्मिकों की तत्परता, साहस और त्वरित कार्रवाई की सराहना की। मौके पर एसडीएम बी.सी. पंत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल सहित पुलिस, SDRF और प्रशासन के अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।

बनलेख का यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर वाहन चलाते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत को सामने लाता है। चम्पावत पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि मोड़, ढलान और खराब मौसम के दौरान वाहन की गति नियंत्रित रखें तथा यातायात नियमों का पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!