रात को खाना खाने के बाद टहलने निकले दंपति का सड़क किनारे मिला शव,जांच में जुटी पुलिस।
रुद्रपुर:-11 अगस्त 2026
उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर से एक सनसनीखेज खबर सामने आ रही है, जहां पर खाना खाने के बाद सड़क पर टहलने निकले एक दम्पति का सड़क किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं उन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। फिलहाल पुलिस प्रशासन की टीम पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट चुकी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर के धर्मपुर निवासी 48 वर्षीय संतोष यादव और उनकी पत्नी 40 वर्षीय सुनीता यादव बीते सोमवार की रात खाना खाने के बाद टहलने के लिए घर से निकले थे। तभी रात के करीब 8:00 के आसपास दोनों के शव बिंदुखेड़ा से सिडकुल होते हुए दानपुर रोड की ओर जाने वाली रिंग रोड के किनारे मिले। प्रथम दृष्टि पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों ने दोनों की मौत को सड़क हादसा माना है.इतना ही नहीं बल्कि ऐसा कहा जा रहा है कि किसी अज्ञात वाहन ने दोनों को टहलने के दौरान टक्कर मारी होगी क्योंकि घटनास्थल के आसपास वाहन के कुछ टूटे हुए पार्ट्स भी मिले हैं। हालांकि अभी हादसे के वास्तविक कारण और वाहन की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस प्रशासन की टीम जरूरी सबूत जुटाने में लग चुकी है। पुलिस प्रशासन द्वारा घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।पुलिस की मानें तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल, पुलिस मामले को सड़क हादसे के एंगल से जांच रही है और अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस द्वारा मृतक दम्पति के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बताते चलें मृतक दंपति की एक पुत्री और एक पुत्र है जो माता पिता को खोने के बाद से गहरे सदमे में हैं। बताया जा रहा है मृतक संतोष यादव सिडकुल स्थित नेस्ले कंपनी के प्रोडक्शन विभाग में तैनात थे।
