मौसम विभाग का हाई अलर्ट,17 अगस्त तक प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी।
देहरादून:-14 अगस्त 2026
रिपोर्ट- डा.जयदेव पंवार.
उत्तराखंड में बारिश का दौर फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है। मौसम विभाग ने 14 से 17 अगस्त तक प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। उत्तराखंड में देर रात से अधिकांश जिलों में रुक-रुककर बारिश जारी है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ तेज बौछारों की संभावना जताई है। देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट, जबकि अन्य जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम के बिगड़े मिजाज का असर अब जनजीवन पर भी दिखने लगा है। 10 जिलों में 61 सड़कें बंद हैं। वहीं खराब मौसम को देखते हुए आज पिथौरागढ़, देहरादून और नैनीताल में 12वीं तक के स्कूल बंद रहे।
हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, चंपावत और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। बागेश्वर के कपकोट क्षेत्र में बारिश के बीच सरयू नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक, देहरादून, बागेश्वर और नैनीताल में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट है।आज 14 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। वहीं चंपावत, टिहरी, पौड़ी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है।
अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम ?
15 अगस्त:देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश का यलो अलर्ट है। पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज बौछारों की संभावना है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी आकाशीय बिजली चमकने के आसार हैं।
16 अगस्त को चंपावत, बागेश्वर और नैनीताल में ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, चमोली, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में भारी बारिश की संभावना है। कई जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
17 अगस्त : देहरादून, पौड़ी और टिहरी में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। राज्य के बाकी हिस्सों में भी कहीं-कहीं भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क अवरुद्ध होने की आशंका को देखते हुए अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।
