अंकिता भंडारी के माता-पिता से राहुल गांधी ने की मुलाकात,अंकिता की हत्या को लेकर बीजेपी पर साधा निशाना।
दिल्ली:-15 अगस्त 2026
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड की अंकिता भंडारी के माता-पिता से दिल्ली में मुलाकात की। वैसे ये मुलाकात दो दिन पहले हुई थी, लेकिन इसकी जानकारी राहुल गांधी और कांग्रेस ने आज 15 अगस्त को अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर दी। राहुल गांधी ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट करते हुए कहा कि अंकिता भंडारी के परिवार से दो दिन पहले मिला। चार साल बीत चुके हैं, लेकिन आज भी वो न्याय का इंतज़ार कर रहे हैं. अपनी बच्ची के ख़िलाफ़ एक ऐसे अपराध के लिए जिसकी कोई माफी नहीं।
आगे राहुल गांधी ने लिखा कि सिर्फ 19 साल की अंकिता वनंतरा रिज़ॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट थीं, जहां एक ‘VIP’ मेहमान की शर्मनाक मांग का विरोध करने पर चीला नहर में डुबो कर उनकी हत्या कर दी गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने हिंसा और डुबोने के सबूतों की पुष्टि भी की,मगर,रिज़ॉर्ट में अंकिता के रूम को किसी भी तरह की जांच होने से पहले ध्वस्त कर दिया गया जो खुद में संदेहपूर्ण है।
राहुल गांधी ने लिखा कि,इस दुखद मामले में सबसे शर्मनाक बात है कि राज्य सरकार खुद आज तक उस ‘VIP’ को संरक्षण दे रही है। क्यों? क्योंकि वह BJP-RSS का बड़ा नेता है. यही BJP की विकृत मानसिकता है।बलात्कारियों और अपराधियों को बचाना, उनका राजनीतिक संरक्षण करना,यहां तक कि बलात्कार के दोषियों का फूल-मालाओं से स्वागत करना. दुनिया में सबसे घिनौने इंसान वो होते हैं जो बलात्कारियों की रक्षा करते हैं और BJP में ऐसे लोगों की भरमार है।
राहुल गांधी ने कहा कि भारत तब तक आगे नहीं बढ़ सकता, जब तक महिलाओं को पुरुषों के इस्तेमाल की वस्तु समझने वाली यह अमानवीय मानसिकता खत्म नहीं होती। भारत तभी आगे बढ़ेगा, जब भारत की महिलाएं आगे बढ़ेंगी, सम्मान, सुरक्षा, समानता और न्याय के साथ।राहुल गांधी ने अंकिता के माता-पिता को हर तरह की कानूनी मदद दिए जाने का भरोसा जताया है।
दरअसल, राहुल गांधी इसी साल 6 जून 2026 को उत्तराखंड दौरे पर आए थे, तब उनका पौड़ी गढ़वाल में भी कार्यक्रम में था। वहीं उनकी मुलाकात अंकिता भंडारी के माता-पिता से होनी थी, लेकिन मौसम खराब होने के कारण राहुल गांधी का हेलीकॉप्टर उड़ नहीं पाया था। इसी कारण वो पौड़ी गढ़वाल भी नहीं पहुंच पाए थे। तभी उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने फोन पर अंकिता भंडारी के माता-पिता की राहुल गांधी से बात कराई थी। उस समय राहुल गांधी ने अंकिता भंडारी से वादा किया था कि वो जब चाहे दिल्ली आकर उनसे मिल सकते हैं। अब दो दिन पहले अंकिता भंडारी के माता-पिता ने दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात की।
बताते चलें कि,पौड़ी गढ़वाल के डोभ (श्रीकोट) गांव की रहने वाली अंकिता भंडारी यमकेश्वर ब्लॉक में स्थित एक रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट थी। 18 सितंबर 2022 को रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्या ने अंकिता भंडारी पर गलत काम करने के लिए दवाब बनाया, जिसके लिए अंकिता भंडारी ने साफ इंकार कर दिया। इसी वजह से अंकिता भंडारी और पुलकित आर्या का झगड़ा भी हुआ था। झगड़े के बाद पुलकित आर्या अपने दो कर्मचारियों अंकित और सौरभ के साथ अंकिता भंडारी को कहीं बाहर ले गया था। वहीं पर उन्होंने अंकिता को चीला नहर में धक्का दे दिया, जिससे अंकिता की मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलकित आर्या ने अंकिता के परिजनों को कई दिनों तक गुमराह भी किया था, हालांकि 23 सितंबर को अंकिता भंडारी की लाश चीला नहर से मिली। इसके बाद ये मामले कोर्ट में गया और कोर्ट ने पुलकित आर्या, अंकित और सौरभ को अंकिता की हत्या का दोषी मानते हुए सजा सुनाई थी। वहीं ये मामले फिर तब सुर्खियों में आया, जब बीजेपी के ही पूर्व विधायक फिलहाल पार्टी से निष्कासित सुरेश राठौर और एक्टर उर्मिला सनावर का फोन पर आपसी बातजीत का एक कथित आडियो सामने आया। इस आडियो में अंकिता हत्याकांड का जिक्र किया गया, तब से मामला फिर सुर्खियों में आ गया, तभी से लगातार कांग्रेस भी बीजेपी पर अंकिता हत्याकांड के असली गुनहगारों को बचाने का आरोप लगा रहा है। फिलहाल सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर के आडियो सामने आने के बाद इस मामले को सीबीआई को दिया गया है।
