जंगल में मुठभेड़, कई राउंड फायरिंग,गोली लगने के बाद पकड़ा गया वांटेड चंदन।
रामनगर (नैनीताल):-16 अगस्त 2026
रामनगर क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच उस वक्त जबरदस्त मुठभेड़ हो गई, जब पुलिस एक वांटेड बदमाश की तलाश में जंगल में दबिश देने पहुंची। पुलिस के मुताबिक, जंगल में छिपे चंदन सागर ने घेराबंदी होते ही पुलिस टीम और वाहनों पर कई राउंड फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली बदमाश के पैर में लगी।
बताया गया कि चंदन सागर पर करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं और उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, वह क्षेत्र में लगातार भय का माहौल बनाने के लिए वांटेड था।
पुलिस टीम ने जब जंगल में उसकी घेराबंदी की तो बदमाश ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां चलने से एक पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ। इसके बाद कंट्रोल रूम को सूचना दी गई और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पूरे जंगल की घेराबंदी कर बदमाश को दबोचने के लिए अभियान चलाया गया। इसी दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में चंदन सागर के पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
रामनगर कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि,चंदन सागर के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास समेत करीब 15 मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। बताया कि वह हाल में रामनगर में हुई एक घटना का भी आरोपी था और लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी।मुठभेड़ के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया,वहीं पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
