आईटीबीपी जवान की ट्रेन हादसे में मौत,गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई अंतिम विदाई।

आईटीबीपी जवान की ट्रेन हादसे में मौत,गार्ड ऑफ ऑनर के साथ दी गई अंतिम विदाई।

नारायणबगड़ (चमोली):-17 अगस्त 2026

अमरनाथ यात्रा ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहे नारायणबगड़ क्षेत्र के आईटीबीपी जवान की पठानकोट में हुए ट्रेन हादसे में मौत हो गई।जैसे ही तिरंगे में लिपटा जवान का पार्थिव शरीर उसके पैतृक गांव पहुंचा, परिजनों की चीख-पुकार से माहौल भावुक हो गया। वहीं जवान को अंतिम विदाई देने पहुंचे हर शख्स की आंखें नम हो गईं। आईटीबीपी जवान का अंतिम संस्कार नारायणबगड़ स्थित पैतृक घाट पर किया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने नम आंखों से जवान को अंतिम विदाई दी।

ट्रेन हादसे में डूंगरी कड़ाकोट निवासी 35 वर्षीय प्रदीप कुमार पुत्र पातीराम की मौत हो गई थी।जवान के निधन की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। प्रदीप कुमार भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 23वीं बटालियन, सीमा द्वार देहरादून में तैनात थे। वो अमरनाथ यात्रा ड्यूटी पूरी करने के बाद वापस घर लौट रहे थे. इसी दौरान पठानकोट रेलवे स्टेशन के पास हुए ट्रेन हादसे में उनकी मौत हो गई। जवान की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में मातम पसर गया. रविवार को प्रदीप कुमार का पार्थिव शरीर पैतृक क्षेत्र नारायणबगड़ स्थित घाट पर पहुंचा। तिरंगे में लिपटे अपने लाल को अंतिम दर्शन के लिए सामने देख परिजनों की आंखें नम हो गईं। मां-पिता और अन्य परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया। घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बड़ी संख्या में ग्रामीण भी अपने लाल को अंतिम विदाई देने पहुंचे। 23वीं बटालियन आईटीबीपी के कमांडेंट रिंकू सिंह के नेतृत्व में जवानों ने प्रदीप कुमार को गार्ड ऑफ ऑनर के साथ अंतिम सलामी दी।

पुलिस और प्रशासन की ओर से भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। प्रदीप कुमार के असमय निधन से डूंगरी कड़ाकोट समेत पूरे नारायणबगड़ क्षेत्र में शोक का माहौल है. विधायक भूपाल राम टम्टा, ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला, यशपाल सिंह नेगी, नरेंद्र रावत, वीर भरत सिंह, जय नंद सती और दलीप नेगी ने जवान के निधन पर शोक जताते हुए कहा कि देश की सेवा में समर्पित जवान का असमय चले जाना परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!