आयुर्वेद यूनिवर्सिटी में देर रात छात्रों का हंगामा,पेट्रोल लेकर टंकी पर चढ़े,आत्मदाह की चेतावनी।
लिखित आश्वासन के बाद रात 1 बजे टंकी से उतरे छात्र।
देहरादून:-25 अगस्त 2026
उत्तराखंड आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय में बीएएमएस (2019-2022 बैच) के छात्रों ने सोमवार को परीक्षा परिणाम जारी करने और लंबित परीक्षाएं जल्द कराने की मांग को लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। तीन छात्र पेट्रोल की बोतल लेकर परिसर की पानी की टंकी पर चढ़ गए। उन्होंने कुलसचिव से मौके पर वार्ता की मांग की और एक घंटे का अल्टीमेटम देते हुए आत्मदाह की चेतावनी दी।
छात्रों का आरोप है कि कई विद्यार्थियों के परिणाम करीब ढाई साल से अटके हैं, जिससे आगे की परीक्षाएं और करियर प्रभावित हो रहा है। लाखों रुपये खर्च करने के बावजूद समय पर परिणाम न मिलने से उनका शैक्षणिक भविष्य अधर में लटक गया है। एक माह में यह दूसरी बार है जब छात्र टंकी पर चढ़कर विरोध जता रहे हैं। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस में हड़कंप मच गया।
लिखित आश्वासन के बाद रात 1 बजे टंकी से उतरे छात्र।
हर्रावाला आयुर्वेद विश्वविद्यालय में BAMS छात्रों का 12 घंटे से चल रहा हंगामा देर रात करीब 1 बजे खत्म हुआ। वाइस चांसलर द्वारा 10 दिन के भीतर छात्रों की सभी समस्याओं के समाधान का लिखित लेटर देने के बाद पानी की टंकी पर चढ़े सभी छात्र नीचे उतर गए।
सोमवार को परीक्षा न कराने और रिजल्ट में देरी से नाराज सैकड़ों छात्रों ने धरना दिया था। गुस्से में कुछ छात्र पेट्रोल की बोतल लेकर पानी की टंकी पर चढ़ गए थे, जिससे पूरे दिन अफरा-तफरी मची रही। डोईवाला पुलिस और प्रशासन रात भर उन्हें समझाने में जुटा रहा।
बाद में वाइस चांसलर प्रो. की ओर से लिखित आश्वासन दिया गया कि -1. लंबित सभी रिजल्ट 10 दिन के भीतर घोषित किए जाएंगे।
2. अगली परीक्षाओं का टाइम टेबल एक हफ्ते में जारी होगा।
3. छात्रों का लेट हुआ सत्र कवर करने के लिए एक्स्ट्रा क्लास चलाई जाएंगी। इस लिखित लेटर के मिलने के बाद रात 1:00 बजे के आसपास सभी छात्र शांतिपूर्वक टंकी से नीचे उतर गए और धरना समाप्त कर दिया।
