ठुकराल पर मुकदमा,गरमाई तराई की राजनीति धक्का-मुक्की के बाद धरने पर बैठे कांग्रेसी।

ठुकराल पर मुकदमा,गरमाई तराई की राजनीति धक्का-मुक्की के बाद धरने पर बैठे कांग्रेसी।

रुद्रपुर:-25 अगस्त 2026

एसआईआर आपत्ति बैठक में विधायक शिव अरोरा और पूर्व विधायक राज कुमार ठुकराल के बीच हुई अभद्र टीका-टिप्पणी के बाद जैसे ही ठुकराल के खिलाफ सरकारी काम मे बाधा डालने का मुकदमा दर्ज हुआ और देर रात पुलिस ने दबिश दी। वैसे ही तराई की राजनीति गरमा गई।

उधम सिंह नगर में SIR को लेकर बुलाई गई बैठक के बाद राजनीतिक विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है. कलक्ट्रेट में कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में भाजपा नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक के बाद पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने से सियासी माहौल गरमा गया। मुकदमे को एकतरफा कार्रवाई बताते हुए कांग्रेस ने मंगलवार को एसएसपी कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई. कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़कर कार्यालय परिसर में प्रवेश कर धरना शुरू कर दिया।

विवाद के बाद जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी की तहरीर के आधार पर पंतनगर थाने में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इससे पहले भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट के एक कक्ष के बाहर बैठकर भजन-कीर्तन करते रहे। उनकी मांग थी कि जब तक ठुकराल के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया जाता, वे वहां से नहीं उठेंगे।मुकदमा दर्ज होने के बाद भाजपा कार्यकर्ता वहां से चले गए।

मामले ने मंगलवार को नया राजनीतिक मोड़ ले लिया।कांग्रेस जिला अध्यक्ष हिमांशु गाबा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एसएसपी कार्यालय पहुंचे। पुलिस ने कार्यालय के मुख्य गेट पर बैरिकेडिंग कर रखी थी,कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़, कांग्रेस जिलाध्यक्ष हिमांशु गाबा, महानगर अध्यक्ष ममता रानी समेत अन्य पदाधिकारी बैरिकेडिंग तोड़कर एसएसपी कार्यालय परिसर में पहुंच गए और धरने पर बैठ गए।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष हिमांशु गाबा ने आरोप लगाया कि SIR की बैठक में केवल जिलाध्यक्ष या उनके अधिकृत प्रतिनिधि को शामिल होना था, लेकिन भाजपा के विधायक और पूर्व विधायक भी वहां पहुंच गए। उन्होंने कहा यदि भाजपा नेताओं को कमिश्नर से अपनी बात रखनी थी तो वे अलग से समय लेकर मुलाकात कर सकते थे. गाबा ने आरोप लगाया कि बैठक में कांग्रेस की ओर से SIR में कथित अनियमितताओं और आपत्तियों से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत किए जाने थे, लेकिन विवाद खड़ा कर माहौल बिगाड़ दिया गया। गाबा ने कहा विवाद में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज के आरोप हैं, फिर केवल राजकुमार ठुकराल के खिलाफ सरकारी अधिकारी की तहरीर पर मुकदमा क्यों दर्ज किया गया? उन्होंने कहा कांग्रेस ने भी ठुकराल के खिलाफ तहरीर दी है। उस पर कार्रवाई होनी चाहिए. कांग्रेस ने चेतावनी दी कि SIR की पूरी प्रक्रिया के दौरान पार्टी सड़कों पर रहकर निगरानी करेगी. किसी भी गलत तरीके से मतदाता का नाम काटने या जोड़ने का विरोध करेगी।

धरने के दौरान किच्छा विधायक तिलक राज बेहड़ ने भी मुकदमे की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि ठुकराल के खिलाफ कार्रवाई एकतरफा है। बेहड़ ने कहा कि यदि मुकदमा दर्ज किया गया है तो अन्य आरोपित नेताओं के खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि ठुकराल के घर जाने और कार्रवाई के लिए क्या वैधानिक प्रक्रिया अपनाई गई। बेहड़ ने कहा मामले को लेकर कांग्रेस अदालत का रुख करेगी. संबंधित लोगों के खिलाफ मानहानि का दावा भी किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि विवाद के कारण कलेक्ट्रेट परिसर में करीब सात घंटे तक कामकाज प्रभावित रहा, जिससे फरियादियों, वकीलों और आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। कांग्रेस नेताओं ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और सभी पक्षों के खिलाफ समान कार्रवाई की मांग की है। SIR प्रक्रिया को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच बढ़ते राजनीतिक टकराव से आने वाले दिनों में विवाद और गहराने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!