रुड़की में सनसनीखेज वारदात-भाई ने अपनी दो सगी बहनों को मारी गोली,दोनों की मौत।

रुड़की में सनसनीखेज वारदात-भाई ने अपनी दो सगी बहनों को मारी गोली,दोनों की मौत।

रुड़की (हरिद्वार):-25 अगस्त 2026

रक्षाबंधन से महज तीन दिन पहले गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गणेशपुर और पनियाला रोड क्षेत्र में दो बहनों को गोली मारे जाने से हड़कंप मच गया। दोनों बहनों की मौके पर ही मौत हो गई,जबकि एक महिला का पति भी घटना में घायल बताया गया है।

प्रारंभिक जानकारी में दोनों बहनों के भाई पर वारदात को अंजाम देने का आरोप है। घटना के बाद कथित आरोपी के फरार होने की सूचना है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सोमवार देर शाम गणेशपुर क्षेत्र के प्रीत विहार कॉलोनी सेक्टर रोड निवासी करीब 50 वर्षीय संगीता को उसके भाई, जिसका नाम प्रारंभिक सूचना में विक्की(अपुष्ट) बताया गया है, ने गोली मार दी। गोली लगने से संगीता की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच में जुटी ही थी कि पनियाला रोड की एक गली में भी गोली चलने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो करीब 48 वर्षीय शकुंतला को भी गोली मारे जाने की जानकारी सामने आई,उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया गया है कि शकुंतला के पति को भी गोली लगी है और वह घायल हुआ है। लगातार दो स्थानों पर दो बहनों को गोली मारे जाने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना पर गंगनहर कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव, सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहीं, सीओ रुड़की ओसीन जोशी और एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने भी घटनास्थलों का निरीक्षण किया।

एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में भाई द्वारा दोनों बहनों को गोली मारे जाने की बात सामने आई है। दोनों की मौत हो चुकी है। घटना के पीछे क्या कारण रहा, इसकी जांच की जा रही है और पुलिस कथित आरोपी की तलाश में जुटी है।

रक्षाबंधन से ठीक पहले हुई इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। प्रारंभिक जानकारी में मृतक महिलाओं के नाम संगीता और शकुंतला तथा कथित आरोपी भाई का नाम विक्की बताया गया है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से मृतक बहनों और कथित आरोपी भाई के नामों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी। वारदात के कारण का भी अभी स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। दोनों बहनों के आपस में बड़ी और छोटी बहन होने तथा उनके मूल रूप से भगवानपुर कोतवाली क्षेत्र के निवासी होने की जानकारी भी सामने आई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि होना शेष है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!