देहरादून में महिला ड्रग माफिया गिरफ्तार,गैंगस्टर एक्ट समेत दर्ज है 13 मुकदमें।
देहरादून:-15 सितंबर 2026
उत्तराखंड में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत उत्तराखंड पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। दरअसल उत्तरकाशी जिले के पुरोला पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित महिला आरोपी मैराज को देहरादून के सहसपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है आरोपी महिला के खिलाफ उत्तरकाशी और देहरादून जिले में एनडीपीएस एक्ट गैंगस्टर गुंडा अधिनियम समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तरकाशी जिले के पुरोला के डामटा बैरियर पर पुलिस ने चेकिंग के दौरान दो युवकों को अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद थाना पुरोला में एनडीपीएस के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल शुरू की गई। विवेचना के दौरान सहसपुर निवासी मैराज की कथित संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने उसके खिलाफ धारा 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत सबूत जुटाए। सबूत मिलने के बाद बीते 13 सितंबर को खुशहालपुर चौक से मैराज को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस जांच में यह बात सामने आई की महिला लंबे समय से नशे के अवैध कारोबार से जुड़ी हुई थी, जो पहले भी कई बार जेल जा चुकी है। पुलिस की माने तो आरोपी मैराज के खिलाफ वर्ष 2017 से 2026 तक एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 13 मुकदमे दर्ज है। वर्ष 2022 में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा 2025 में बड़कोट और विकास नगर में दर्ज एनडीपीएस के मामले तथा वर्ष 2026 में सहसपुर उत्तरकाशी और पुरोला में मामले दर्ज शामिल है।
