फर्जी दस्तावेज का आरोप, 64 लाख का गबन,स्कूल समिति के चार लोगों पर मुकदमा हुआ दर्ज।
देहरादून:-20 सितंबर 2026
थाना कैंट क्षेत्र के एक स्कूल की समिति के कोष के कथित दुरुपयोग और दस्तावेजों को फर्जी तरीके से साल 2020-21 की बैलेंस शीट के अनुसार स्कूल समिति के कोष से करीब 64 लाख रुपए अवैध रूप से निकाले गए। समिति के सदस्य की शिकायत के आधार पर महिला समेत चार लोगों के खिलाफ थाना कैंट में मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार स्कूल समिति के सदस्य हरीश मित्तल ने थाना कैंट में शिकायत दर्ज कराई है कि साल 2019 और 2020 की कार्यकारिणी बैठकों के बाद कुछ लोगों के नाम कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए सदस्य के रूप में जोड़े गए। इन दस्तावेजों को फर्जी बताते हुए कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि साल 2020-21 की बैलेंस शीट के अनुसार स्कूल समिति के कोष से करीब 64 लाख रुपये अवैध रूप से निकाले गए।
एक आरोपी धीरेंद्र कुमार शर्मा पर चंद्र शेखर शर्मा के साथ मिलकर करीब 53 लाख रुपए निकालने का आरोप लगाया गया है। साथ ही अप्रैल 2026 में उप निबंधक,फर्म्स सोसायटी एवं चिट्स कार्यालय में कुछ कथित फर्जी शपथ पत्र भी प्रस्तुत किए गए। उसके बाद में 4 मई 2026 के आदेश में समिति की बैठकों में जोड़े गए नए सदस्यों को पंजीकृत नियमावली के विपरीत बताया गया। संबंधित प्रस्तावों को निरस्त किया गया।
थाना कैंट प्रभारी संतोष सिंह कुंवर ने बताया है कि स्कूल समिति के सदस्य हरीश मित्तल की तहरीर के आधार पर चंद्र शेखर शर्मा, विनिता शर्मा, धीरेंद्र कुमार शर्मा और अमिता बहुगुणा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61, 111, 237, 238, 316(2), 318(4), 336(2), 337, 338 और 340(2) समेत अन्य धारा लगाते हुए मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच उपनिरीक्षक/निरीक्षक पंकज सिंह को सौंपी है।साथ ही जांच के बाद इस संबंध में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
