पिथौरागढ़ जिले के धारचूला में महिला की हत्या,कमरे में मिले खून के धब्बे और खून से सने कपड़े,लिव-इन पार्टनर फरार।
पिथौरागढ़:-07 नवंबर 2026
पिथौरागढ़ के सीमांत क्षेत्र धारचूला के खोतिला में एक महिला का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। महिला का शव बाजार से करीब दो किलोमीटर दूर पैदल पुल के पास मिला। महिला के सिर और शरीर पर चोट के गंभीर निशान पाए गए हैं। पुलिस ने मामले में लिव-इन पार्टनर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से आरोपी फरार है।
जानकारी के अनुसार महिला पिछले तीन वर्षों से अपने पति से अलग रह रही थी।इस दौरान वह खोतिला निवासी युवक के साथ रह रही थी। महिला की हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को मौके से खून से सना फर्श, तकिया और खून से सने गद्दे के कपड़े मिले हैं। पुलिस ने इन सभी चीजों को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित किया है।
प्रभारी थानाध्यक्ष, धारचूला अंबी राम आर्य ने बताया कि,महिला की हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घर की जांच की। जांच के दौरान कमरे के बेड और फर्श पर खून के गहरे धब्बे मिले। इससे घर के अंदर भी मारपीट और हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, महिला की हत्या करने के बाद आरोपी घर से फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र करने के लिए फॉरेंसिक फील्ड यूनिट को भी बुलाया। टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं, महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
बेटे की शिकायत के आधार पर पुलिस ने लिव-इन पार्टनर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। धारचूला पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सीमांत क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। मृतका की पहचान 33 वर्षीय निवासी दार्चुला (नेपाल) व वर्तमान निवासी खोतिला के रूप में हुई है।
